‘5-6 दिन पहले खाटू श्याम गया था’, आरोपी सुमित की मां ने पुलिस पर लगाए आरोप, बोलीं- मेरे बेटे को झूठ बोलकर ले गए

‘5-6 दिन पहले खाटू श्याम गया था’, आरोपी सुमित की मां ने पुलिस पर लगाए आरोप, बोलीं- मेरे बेटे को झूठ बोलकर ले गए

Tiger Shroff Firing Accused Sumit Mother: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई में हुए सनसनीखेज गोलीबारी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसमें नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आरोपी सुमित की मां का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं और अपने बेटे को पूरी तरह बेकसूर बताया है। मीडिया के सामने हाथ जोड़ते हुए सुमित की मां का दावा है कि उनके बेटे को झूठी बातें कहकर और बहला-फुसलाकर इस दलदल में फंसाया गया है।

फायरिंग केस में पकड़ा गया सुमित की मां ने पुलिस को लेकर क्या कहा?

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें से एक सुमिता नाम का लड़का है। अब उसकी मां ने रोते हुए दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कोई अपराधी नहीं है, बल्कि वह पिछले तीन सालों से एक कपड़े की दुकान पर नौकरी कर रहा है। वह केवल 9वीं क्लास तक पढ़ा है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। उसके पिता भी मजदूरी करते हैं और वह सब किराए के मकान में रहते हैं।

मां ने दावा किया कि कुछ दिन पहले पड़ोस में रहने वाले नितिन नामक युवक ने सुमित को बहला-फुसलाकर खाटू श्याम जाने के लिए तैयार किया था। उन्होंने कहा, “वो खाटू श्याम के लिए गया था। मेरे बेटे को भड़का के लेके गए… 5-6 दिन पहले गए थे, और सुबह ही वापस आ गए थे। उसने रास्ते में वीडियो कॉल भी किया था और उसके पास सारे नंबर और कॉल्स की डिटेल भी है। मेरे बेटे को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उसे कहां और किस चक्कर में फंसाया जा रहा है।”

“पुलिस ने कहा पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं, अब जमानत के लिए मुंबई बुला रहे हैं”

घटना के दिन का जिक्र करते हुए सुमित की मां ने बताया कि दिल्ली पुलिस उनके घर आई थी और कहा कि एक झगड़े के सिलसिले में सुमित से पूछताछ करनी है। पुलिस उसे अपने साथ ले गई। परिवार का कहना है कि उन्हें बाद में फोन आया और कहा गया कि सुमित का नाम हथियार पहुंचाने के मामले में सामने आया है और उसकी जमानत के लिए मुंबई आना पड़ेगा। दर्द बयां करते हुए सुमित की मां ने कहा, “हम तो मुंबई का रास्ता तक नहीं जानते, किधर गए हैं किसी को नहीं पहचानते, हम कैसे जाएंगे?”

सुमित के परिवार ने हाल ही में अपना मकान बदला है। ऐसे में उनका मां ने कहा कि उन्होंने किराया ज्यादा होने की वजह से मकान बदला है, पुलिस के डर से नहीं। सुमित की मां ने हाथ जोड़कर गुहार लगाई कि उनके बेटे का किसी भी बड़े गैंग या आपराधिक गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है, और उसे साजिश के तहत फंसाया गया है। वहीं, इस मामले में सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस आरोपियों से लगातार गहन पूछताछ कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *