नरवाना के विकास पर खर्च होंगे 46.6 करोड़:मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने ली अधिकारियों की मीटिंग, बोले- बर्दाश्त नहीं होगी देरी

नरवाना के विकास पर खर्च होंगे 46.6 करोड़:मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने ली अधिकारियों की मीटिंग, बोले- बर्दाश्त नहीं होगी देरी

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाना शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। मंत्री बेदी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। बुधवार को एलआईसी रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में आयोजित एक बैठक में मंत्री बेदी ने नगर परिषद अधिकारियों और पार्षदों को जनसेवा के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मंत्री ने स्वच्छ पेयजल, बेहतर सीवरेज व्यवस्था, नियमित सफाई, मजबूत सड़कों, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षित वातावरण जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बेदी बोले- पारदर्शिता और गुणवत्ता से हों विकास कार्य बैठक में मंत्री ने बताया कि नरवाना शहर के विकास के लिए चालू वित्त वर्ष में 46 करोड़ 6 लाख रुपए का वार्षिक बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बजट का उपयोग पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि धनराशि का सही उपयोग हो और विकास कार्यों का सीधा लाभ आमजन तक पहुंचे। कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाना को एक आदर्श, स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्यशैली आवश्यक है। मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सेवा व समर्पण भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर नगर परिषद और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *