एक ही रात में 4 चोरी, बढ़ी लोगों की चिंता! वकील समेत 4 घरों से कैश और लाखों के जेवर पार, जानें पूरा मामला

एक ही रात में 4 चोरी, बढ़ी लोगों की चिंता! वकील समेत 4 घरों से कैश और लाखों के जेवर पार, जानें पूरा मामला

Durg Theft Cases: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 14 अप्रैल की रात चोरी की चार अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के जामुल, मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों में चोरों ने बंद घरों, निर्माणाधीन मकानों और सड़क किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाया। कहीं ताला तोड़ा गया तो कहीं दीवार तोड़कर चोरी की गई। पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Durg Theft Cases: जामुल में वकील के निर्माणाधीन मकान में चोरी

पहली घटना जामुल थाना क्षेत्र के सेक्टर-07 भिलाई निवासी और जिला न्यायालय दुर्ग के वकील प्रेम प्रकाश यादव के यहां हुई। कैलाश नगर एकता चौक के पास बन रहे उनके नए मकान के स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। चोरों ने दीवार भी तोड़ी और वहां रखा पानी का मोटर, केबल, लोहे काटने की मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

शादी में गए परिवार के घर से सोने की चैन और कैश चोरी

दूसरी घटना जामुल थाना क्षेत्र के आम्रपाली फेस-2 हाउसिंग बोर्ड में हुई। यहां रहने वाले सिम्मु श्याम लाल अहिरवार परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। देर रात लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर पूजा स्थल से सोने की चैन, बैग में रखे 5500 रुपये नकद और एलसीडी टीवी ले उड़े। इस चोरी की कुल कीमत करीब 55 हजार रुपये आंकी गई है। इसी रात आसपास के दो अन्य घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आईं।

मोहन नगर में स्कूटी चोरी

तीसरी घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के दीपक नगर में सामने आई, जहां ब्यूटी पार्लर संचालिका ज्योति आडिल की एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल की सुबह वे रोज की तरह पार्लर पहुंचीं और स्कूटी बाहर खड़ी कर दी। शाम को लौटने पर स्कूटी गायब थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गई स्कूटी की कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है।

बंद मकान को बनाया निशाना, जेवर और नकदी पार

चौथी घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा में हुई, जहां एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। मकान मालिक कांशीराम देवांगन अपनी पत्नी के साथ पुणे गए हुए थे। घर में काम करने वाली महिला ने दरवाजे की कुंडी टूटी देख पड़ोसियों को सूचना दी। अंदर जाकर देखा गया तो अलमारी से चांदी की मूर्तियां, मोती की माला, 1400 रुपये के सिक्के, घड़ी और करीब 35 हजार रुपये नकद गायब थे। कुल चोरी करीब 50 हजार रुपये की बताई गई है।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

एक ही दिन में चार चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लोग पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *