4 और 8 साल के बच्चों को छोड़ गई प्रियंका, व्हीलचेयर पर पति ने दी आखिरी विदाई, आरोपी छूटा! मालाड हादसे की दर्दनाक कहानी

4 और 8 साल के बच्चों को छोड़ गई प्रियंका, व्हीलचेयर पर पति ने दी आखिरी विदाई, आरोपी छूटा! मालाड हादसे की दर्दनाक कहानी

Malad Accident: मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। मामलेदारवाड़ी जंक्शन के पास तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद कई ऑटो रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें मालाड निवासी 34 वर्षीय महिला वकील प्रियंका सत्रा की मौत हो गई, जबकि उनके पति मयंक सत्रा समेत कई लोग घायल हुए हैं।

हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक कृष्णा चमणकर (71) को गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया। बाद में जमानत आवेदन पर उन्हें 15 हजार रुपये के जातमुचलके पर रिहा किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बाइक सवार महिला वकील की मौके पर ही मौत

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 8 बजे कृष्णा चमणकर अपनी MG Windsor कार से मामलेदारवाड़ी जंक्शन की ओर जा रहे थे। आरोप है कि कार की रफ्तार तेज थी और इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

इसी दौरान कार ने सड़क से गुजर रहे प्रियंका और उनके पति मयंक सत्रा की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद भी कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका और कार ने कई ऑटो रिक्शा को भी टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार यात्रियों समेत कई लोग घायल हो गए।

पति की हालत गंभीर, पत्नी के अंतिम दर्शन के लिए व्हीलचेयर पर पहुंचे

इस हादसे का सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य सोमवार को देखने को मिला। गंभीर रूप से घायल मयंक सत्रा को अस्पताल से व्हीलचेयर पर उनकी पत्नी प्रियंका के अंतिम दर्शन के लिए घर लाया गया।

मयंक का इलाज चल रहा है, लेकिन पत्नी को अंतिम विदाई देने के लिए वह खुद को संभालते हुए घर पहुंचे। जब वह व्हीलचेयर पर पत्नी के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे तो वहां मौजूद रिश्तेदारों और दोस्तों की आंखें नम हो गईं।

प्रियांका के परिवार में उनके पति के अलावा आठ साल की बेटी और चार साल का बेटा है। प्रियंका की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अंतिम यात्रा में छाया मातम

सोमवार को जब प्रियंका सत्रा की अंतिम यात्रा मालाड श्मशानभूमि की ओर निकली तो पूरा माहौल गमगीन था। पत्नी को अंतिम विदाई देने के लिए घायल अवस्था में व्हीलचेयर पर पहुंचे मयंक को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े।

परिवार और करीबी लोगों के लिए यह पल बेहद भावुक था। जिस पत्नी के साथ मयंक सड़क पर निकले थे, उसी पत्नी को कुछ घंटे बाद उन्हें अंतिम विदाई देनी पड़ी।

कैसे हुआ मालाड में भीषण हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 8 बजे कृष्णा चमणकर मालाड के मामलेदारवाड़ी जंक्शन से अपनी कार लेकर जा रहे थे। आरोप है कि तेज रफ्तार के कारण कार पर उनका नियंत्रण नहीं रहा।

कार ने पहले सत्रा दंपति की बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद कार आगे बढ़ती हुई कुछ ऑटो रिक्शा से जा टकराई। गाड़ियों की टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही मालाड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल शताब्दी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया, जबकि मयंक समेत अन्य घायलों का इलाज शुरू किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, मिली जमानत

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल से कृष्णा चमणकर को हिरासत में लिया और उनकी मेडिकल जांच कराई। पुलिस ने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने तथा मौत का कारण बनने के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।

सोमवार को उन्हें बोरीवली महानगर दंडाधिकारी अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद उनके वकील ने जमानत के लिए आवेदन किया। सूत्रों के अनुसार, अदालत की प्रक्रिया के बाद उन्हें 15 हजार रुपये के जातमुचलके पर जमानत मिली।

विडंबना यह रही कि जिस दिन प्रियंका के परिवार ने उन्हें अंतिम विदाई दी, उसी दिन आरोपी चालक को जमानत मिलने की जानकारी सामने आई।

महाराष्ट्र सदन मामले से भी जुड़ा रहा है नाम

कृष्णा चमणकर का नाम पहले महाराष्ट्र सदन घोटाला मामले में भी सामने आया था। हालांकि, बाद में उन्हें उस मामले में दोषमुक्त कर दिया गया था। अब मालाड में हुए इस सड़क हादसे के कारण वह फिर से चर्चा में हैं।

फिलहाल पुलिस हादसे की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना के समय कार की रफ्तार कितनी थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण किस वजह से खोया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *