TVK Congress Alliance: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गठबंधन का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने का समर्थन किया है। कांग्रेस विधायक दल (CLP) की नेता थरहाई कथबर्ट ने यह दावा किया। बता दें कि उनका यह बयान सत्तारूढ़ गठबंधन में सहयोगी दल तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) और कांग्रेस के बीच मतभेद की अटकलों के बीच आया है।
इस दौरान थरहाई कथबर्ट ने गठबंधन में नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि विजय को प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जाना पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह का नतीजा है। यह पार्टी नेतृत्व का आधिकारिक रुख नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है। वह इसी रुख के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
विजय को PM उम्मीदवार बनाने की मांग से बढ़ी हलचल
दरअसल, कांग्रेस नेता का यह बयान टीवीके के कुछ नेताओं की ओर से विजय को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका देने की मांग के बाद आई है। TVK के नेताओं की ओर से विजय को प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार के रूप में पेश किए जाने से गठबंधन की राजनीति को लेकर सवाल उठने लगे थे।
इससे पहले तमिलनाडु के पर्यटन मंत्री एस. राजेश कुमार ने कहा था कि अगर TVK ने 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी का समर्थन नहीं किया तो राज्य मंत्रिमंडल में शामिल कांग्रेस के मंत्री इस्तीफा दे देंगे।
TVK नेता भी विजय को राष्ट्रीय भूमिका देने के पक्ष में
हालांकि अब राहुल गांधी को लेकर कांग्रेस के स्पष्ट रुख के बीच TVK नेताओं के बयानों ने गठबंधन के भीतर नेतृत्व को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। मंत्री आधव अर्जुन ने इससे पहले कहा था कि देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद तमिलनाडु के किसी नेता के पास होना चाहिए।
कांग्रेस विधायक दल की नेता थरहाई कथबर्ट ने कांग्रेस मंत्री विश्वनाथन के उस बयान का भी समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एक स्वतंत्र राजनीतिक ताकत के रूप में मजबूत हो रही है और TVK के अधीन रहकर काम नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक और स्वायत्त राजनीतिक संगठन है। हालांकि, वह विजय की पार्टी TVK के साथ गठबंधन में काम कर रही है।
गठबंधन के सामने नेतृत्व का सवाल
बता दें कि 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद विजय और राहुल गांधी के बीच राजनीतिक नजदीकी देखने को मिली थी। चुनाव के बाद विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आभार जताया था और राहुल गांधी को अपना भाई बताया था। उन्होंने अपनी सरकार के गठन में कांग्रेस के समर्थन को भी स्वीकार किया था।

