2 September History: Bula Choudhury ने दूसरी बार English Channel तैरकर रचा था इतिहास

2 September History: Bula Choudhury ने दूसरी बार English Channel तैरकर रचा था इतिहास

नयी दिल्ली, दो सितंबर दो जनवरी 1970 को कलकत्ता में जन्मी बुला चौधरी लम्बी दूरी की एक अद्भुत महिला तैराक हैं। उन्होंने पांचों महाद्वीपों के सातों समुद्र तैर कर पार किए हैं। ‘अर्जुन पुरस्कार’ से सम्मानित बुला चौधरी को ‘जल परी’ की उपाधि दी गई।

उन्होंने इंग्लिश चैनल को दो बार तैरकर पार किया है और वह दो सितंबर 1999 का दिन था, जब उन्होंने दूसरी बार इंग्लिश चैनल पार करने का गौरव हासिल किया था। यह कारनामा अंजाम देने वाली वह एशिया की पहली महिला बनीं। 2003 में ‘ध्यानचंद लाइफटाइम एचीवमेंट’ अवॉर्ड से सम्मानित बुला का पूरा नाम बुला चौधरी चक्रवर्ती है|
देश दुनिया के इतिहास में दो सितंबर की तारीख पर कुछ अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1573 : अकबर ने अहमदाबाद के निकट एक निर्णायक युद्ध में विजय हासिल की और गुजरात पर कब्जा कर लिया।

इस जीत की खुशी में बुलंद दरवाजा बनवाया गया। 1775 : पहले अमेरिकी युद्ध पोत ‘हाना’ का जनरल जॉर्ज वाशिंगटन ने जलावतरण किया। 1789 : अमेरिका में राजस्व विभाग बनाया गया।

एलेक्जेंडर हेमिल्टन पहले मंत्री बने। 1806 : भूस्खलन के कारण स्विट्जरलैंड का एक पूरा शहर बर्बाद, 457 लोगों की मौत। 1926 : इटली और यमन में एक समझौता हुआ जिससे लाल सागर तट पर इटली का वर्चस्व स्थापित हुआ।

1930 : यूरोप से अमेरिका के लिए पहली सीधी उड़ान भरी गई। 1945 : जापान द्वारा हार स्वीकार कर लिए जाने के बाद छह साल तक चला दूसरा विश्व युद्ध समाप्त हुआ। 1946 : जवाहर लाल नेहरू के उप सभापतित्व में अंतरिम भारत सरकार का गठन।

1956 : हैदराबाद से सौ किलोमीटर दूर जडचेराला और महबूब नगर के बीच एक पुल गिरने से 125 लोगों की मौत। 1962 : सोवियत संघ क्यूबा को हथियार देने को राजी हुआ। 1969 : अमेरिका के न्यूयॉर्क में पहली ऑटोमैटिक टेलर मशीन (ए.टी.एम.) को दुनिया के सामने पेश किया गया।

1990 : काला सागर में सोवियत यात्री जहाज के डूबने से 79 यात्रियों की मौत। 1992 : अमेरिका और रूस अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण के लिए संयुक्त उपक्रम बनाने पर सहमत हुए। 1996 : मुस्लिम विद्रोहियों और फिलीपीन सरकार ने 26 वर्ष के गृह युद्ध के बाद एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

1998 : पायलट रहित प्रशिक्षण विमान निशांत ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी। 1999 : भारतीय तैराक बुला चौधरी इंग्लिश चैनल दो बार पार करने वाली प्रथम एशियाई महिला बनीं। 2001 : 1967 में विश्व में पहला हृदय प्रतिरोपण करने वाले दक्षिण अफ़्रीका के अग्रणी हृदय विशेषज्ञ क्रिश्चियन बर्नार्ड का निधन।

2007 : अल्बानिया विश्व का पहला रासायनिक हथियार युक्त राष्ट्र बना। 2008: गूगल क्रोम की शुरुआत। 2009 : आंध्र प्रदेश में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राज्य के मुख्यमंत्री वाई.ए. राजशेखर रेड्डी का निधन।

2014 : नाइजीरिया के बोर्नो राज्य के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर बामा पर आतंकवादी संगठन बोको हराम ने नियंत्रण कर लिया था। इस दौरान हुए हमले में बड़ी संख्या में नागरिकों की जान गई। बाद में नाइजीरिया ने मित्र देशों की मदद से बामा पर अपना नियंत्रण पुन: हासिल किया।

2016 : फिलीपींस के दावाओ शहर के एक नाइट मार्केट में हुए एक शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम 14 लोग मारे गए थे और 70 से अधिक घायल हुए थे। 2019 : अमेरिका के कैलिफोर्निया में द्वीप के समीप गोताखोरों को ले जा रही नौका में आग लगने से 34 लोगों की मौत। 2022 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत ‘आईएनएस विक्रांत’ का कोच्चि में जलावतरण किया।

इसी दिन अफगानिस्तान के हेरात शहर में एक सुन्नी मस्जिद के बाहर हुए विस्फोट में 18 लोगों की मौत। 2023 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने देश के पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य एल1’ का श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से सफल प्रक्षेपण किया। ‘आदित्य-एल1’ के उपकरण इसरो के विभिन्न केंद्रों के सहयोग से स्वदेशी रूप से विकसित किए गए हैं।

2024 : 2024 को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की राजधानी किंशासा स्थित मकाला केंद्रीय कारागार में हुई सामूहिक जेल तोड़ने की कोशिश, भगदड़ और गोलीबारी में कम से कम 129 कैदियों की मौत हो गई थी और 59 अन्य घायल हो गए थे। 2025 : सूडान के पश्चिमी क्षेत्र दारफुर में विनाशकारी भूस्खलन ने मर्राह पर्वतों में स्थित तरासिन गांव को तबाह कर दिया, जिसमें 1,000 से अधिक लोग मारे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *