बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में रविवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना भगवानपुर–मेंढारी रोड पर हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल युवक ने अम्बिकापुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे घायल युवक का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान अजय कुशवाहा (24) और धर्मेन्द्र विश्वकर्मा (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही गैरेज में काम करते थे और घटना के समय एक ही बाइक पर सवार थे। अजय कुशवाहा वाड्रफनगर के पास कोटराही गांव का निवासी था, जबकि धर्मेन्द्र विश्वकर्मा झारखंड का रहने वाला था। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वाड्रफनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।


