खरगोन में 23.30 लाख चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार:नाबालिग भी शामिल, राजगढ़ के कड़िया सांसी गिरोह के सदस्य निकले

खरगोन में 23.30 लाख चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार:नाबालिग भी शामिल, राजगढ़ के कड़िया सांसी गिरोह के सदस्य निकले

खरगोन में दिनदहाड़े हुई 23 लाख 30 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। ये आरोपी राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह घटना 21 मई को अनाज कारोबारी दिनेश जायसवाल के साथ हुई थी। उनके मुनीम ताहिर बैंक ऑफ बड़ौदा से 27 लाख रुपये निकालकर कार से निकले थे। उन्होंने 2.70 लाख रुपये अम्बे ट्रेडिंग पर दिए और शेष राशि कार की सीट व डिक्की में रख ली थी। दाता हनुमान मंदिर गेट के पास मुनीम ताहिर चाय पीने लगे, जबकि कार अनलॉक थी। पांच मिनट बाद जब वे लौटे, तो देखा कि कार का ड्राइवर साइड गेट खुला था और सीट पर रखा 23 लाख 30 हजार रुपये का बैग गायब था। इसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस टीम ने बैंक से लेकर घटनास्थल और आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों के 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक फरियादी की रेकी करते और चोरी के बाद बाइक से भागते हुए दिखाई दिए। जांच के बाद आरोपियों की पहचान राजगढ़ जिले के गुलखेड़ी निवासी संतोष उर्फ कालू और एक विधिविरुद्ध बालक के रूप में हुई। पुलिस ने घटना के 23 दिन बाद दोनों को हिरासत में लिया। चोरी की रकम पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी थी। आरोपियों ने जंगल में रकम बांटते समय पुलिस की दबिश के दौरान भागने का प्रयास किया था। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक (क्रमांक MP39ZA0216) भी जब्त कर ली गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *