गोंडा में एक 19 वर्षीय छात्रा की हाईस्कूल मार्कशीट में जन्मतिथि गलत दर्ज होने का मामला सामने आया है। राजापुर खरगूपुर गांव निवासी आकांक्षा तिवारी की मार्कशीट में जन्मतिथि 1 अक्टूबर 1970 दर्ज है। इससे दस्तावेजों में उसकी उम्र 56 वर्ष हो गई है, जबकि छात्रा की वास्तविक उम्र 19 वर्ष है। जन्मतिथि में गलती के कारण उसे इंटरमीडिएट का परीक्षा फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है। बुधवार शाम छात्रा ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायती दी। कक्षा 8 की मार्कशीट में जन्मतिथि थी सही आकांक्षा के मुताबिक, कक्षा 8 की मार्कशीट में उसकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2006 दर्ज थी। इसके बाद हाईस्कूल में प्रवेश और बोर्ड प्रक्रिया के दौरान जन्मतिथि गलत दर्ज हो गई। हाईस्कूल के प्रवेश पत्र में जब उसने अपनी उम्र 19 वर्ष के बजाय 56 वर्ष देखी तो विद्यालय पहुंचकर शिकायत की। छात्रा का आरोप है कि शिकायत किए एक साल से अधिक समय बीत गया, लेकिन अब तक हाईस्कूल की मार्कशीट में जन्मतिथि ठीक नहीं कराई गई। ऑनलाइन पोर्टल पर फॉर्म भरने में आ रही दिक्कत जन्मतिथि गलत होने के कारण आकांक्षा को इंटरमीडिएट परीक्षा का फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है। ऑनलाइन पोर्टल पर अधिक उम्र दर्ज होने के कारण उसका परीक्षा फॉर्म आगे नहीं बढ़ पा रहा है। छात्रा का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उसकी पढ़ाई के दो साल बर्बाद हो सकते हैं। डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर की शिकायत बुधवार शाम करीब 6 बजे आकांक्षा गोंडा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंची और शिकायती पत्र देकर जन्मतिथि में सुधार कराने की मांग की। उसने संबंधित विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। डीआईओएस ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विद्यालय की प्रधानाचार्य और प्रबंधन को जन्मतिथि ठीक कराने और संशोधित मार्कशीट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मामले की जांच के भी आदेश दिए हैं। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने कहा कि शिकायत बुधवार को उनके सामने आई है। तत्काल संबंधित विद्यालय को जन्मतिथि ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।


