बदायूं जनपद के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 14 दिनों में कुल 17 चोरी की वारदातें सामने आई हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। इन घटनाओं के बावजूद पुलिस की गश्त और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। 11 फरवरी की रात खेड़ादास गांव में चोरों ने अमरपाल, सत्यवीर और बब्लू कुंवरपाल समेत कई सगे भाइयों के घरों को निशाना बनाया। यहां से लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और घरेलू सामान चोरी कर लिए गए। उसी रात रमेश, अनेकपाल, बाबूराम और विजय के घरों में भी सेंधमारी हुई। इसके बाद 17 फरवरी को गनगोली गांव में सुमन, पुष्पेंद्र, होमगार्ड होराम सिंह, वीरपाल और विजेंद्र के घरों से सोना-चांदी और नगदी पार कर ली गई। 20 फरवरी को खेड़ादास गांव में दोबारा चोरी की घटना हुई। 21 फरवरी को किसान जितेंद्र के ट्यूबवेल से पाइप गायब हो गए, जबकि 25 फरवरी को परमानंदपुर में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश 50 किलो प्लास्टिक पाइप और एक स्प्रे मशीन उठा ले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही वारदातों के बावजूद रात की गश्त नदारद रहती है। उनका कहना है कि उच्चाधिकारियों द्वारा सख्त पेट्रोलिंग और बीट व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। क्षेत्र में न तो गश्ती वाहन दिखाई देते हैं और न ही पुलिस की मौजूदगी का एहसास होता है। स्थिति यह है कि लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा के लिए रात में खुद पहरा देने को मजबूर हैं। इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।


