15 साल के बच्चे ने तुर्की के स्कूल में की ताबड़तोड़ गोलीबारी, कई छात्र घायल

15 साल के बच्चे ने तुर्की के स्कूल में की ताबड़तोड़ गोलीबारी, कई छात्र घायल

तुर्की (Turkey) में आज एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। देश के पश्चिमी प्रांत मानिसा (Manisa) के तुर्गुटलु (Turgutlu) जिले में एक स्कूल में ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना देखने को मिली। यह काम एक 15 साल के बच्चे ने किया, जो उसी स्कूल में पड़ता था। अचानक हुई इस गोलीबारी से हाहाकार मच गया। गोलीबारी की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल और मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंचीं।

11 छात्र घायल

तुर्की के मानिसा प्रांत के तुर्गुटलु में इस गोलीबारी की वजह से 11 छात्र घायल हो गए। घायल छात्रों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से 2 की स्थिति नाज़ुक बताई जा रही है। बाकी छात्रों को ज़्यादा चोट नहीं आई है और सिर्फ छर्रों के घाव आए हैं। ऐसे में उनकी स्थिति सामान्य है।

हमलावर को पुलिस ने लिया हिरासत में

स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में इस घटना का वीडियो कैद हो गया है, जिसमें स्कूली छात्र राइफल ले जाता हुआ दिख रहा है। इस वीडियो से पुलिस ने उसकी पहचान की। हमलावर ने इस वारदात को अंजाम देने के बाद घटनास्थल से भागने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो पाया और पुलिस ने कुछ देर बाद ही उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हमलावर के माता-पिता और दादा को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

मामले की जांच शुरू

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि स्कूल में गोलीबारी की यह घटना कोई आतंकी हमला नहीं था। हमलावर ने व्यक्तिगत कारण से इस वारदात को अंजाम दिया। गोलीबारी की घटना के बाद स्कूल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कक्षाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं।

झगड़े की वजह से की गोलीबारी?

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिस छात्र ने गोलीबारी की, उसका एक दिन पहले ही स्कूल में झगड़ा हुआ था। बदला लेने के उद्देश्य से ही उसने स्कूल में गोलीबारी की। हालांकि झगड़ा किस बात पर हुआ था, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *