दमोह में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर है। इसी क्रम में बुधवार रात पुलिस के आला अधिकारियों ने डॉग स्क्वॉड और एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर) के साथ शहर के महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला न्यायालय और कलेक्ट्रेट जैसे प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में सीएसपी एचआर पांडे और टीआई कोतवाली मनीष कुमार पुलिस बल के साथ इस अभियान में शामिल थे। यात्रियों के सामान और उनकी आवाजाही की जांची टीम ने सबसे पहले रेलवे स्टेशन परिसर में आरपीएफ पुलिस के साथ यात्रियों के सामान और उनकी आवाजाही की जांच की। डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली, जबकि एचएचएमडी मशीन से सामान की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने सभी निरीक्षण स्थलों पर 15 अगस्त तक विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त आदेशों के तहत चलाया जा रहा है। संभावित सुरक्षा खतरों के मद्देनजर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। वाहनों की चेकिंग के विशेष इंतजाम आगामी दिनों में होटल, लॉज, ढाबा, मुख्य समारोह स्थल, सरकारी कार्यालय और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भी गहन निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही शहर में प्रवेश करने वाले सभी बिंदुओं पर वाहनों की चेकिंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


