होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान और ओमान में बातचीत आखिरी दौर में, जल्द हो सकती है डील

होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान और ओमान में बातचीत आखिरी दौर में, जल्द हो सकती है डील

ईरान (Iran) और ओमान (Oman) के बीच होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) पर डील के विषय में बातचीत जारी है। इस बारे में अब ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई (Esmaeil Baghaei) ने तेहरान में एक साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुज़रने के लिए एक अस्थायी रास्ते को तय करने को लेकर ईरान और ओमान के बीच बातचीत अपने आखिरी चरण में पहुंच गई है।

जल्द हो सकती है डील

बघाई ने इस ओर इशारा किया कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जल्द ही डील हो सकती है। आने वाले दिनों में इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गेनाइज़ेशन (अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन) के पास दर्ज कराया जा सकता है।

अमेरिका और इज़रायल के कारण असुरक्षा

बघाई ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा ईरान के खिलाफ़ अमेरिका (United States of America) और इज़रायल (Israel) की सैन्य आक्रामकता का नतीजा है। उन्होंने कहा, “जब तक यह स्थिति बनी रहेगी, तब तक जहाज भरोसे और सुरक्षा की भावना के साथ इस रास्ते से यात्रा नहीं कर पाएंगे।”

अस्थायी संयुक्त शिपिंग कॉरिडोर तय करने पर चल रहा है काम

पिछले महीने एक संयुक्त बयान में ईरान और ओमान ने घोषणा की थी कि उन्होंने एक प्रस्तावित चरणबद्ध ढांचे पर चर्चा की है। इसमें होर्मुज स्ट्रेट में एक अस्थायी संयुक्त शिपिंग कॉरिडोर बनाना और जलमार्ग से बारूदी सुरंगों को हटाने के लिए एक संयुक्त परियोजना को लागू करने का समझौता शामिल है। इस पर काम चल रहा है। बघाई ने बताया कि दोनों देशों के बीच तकनीकी बातचीत जारी रहेगी जिससे एक स्थायी शिपिंग कॉरिडोर तय करने, होर्मुज स्ट्रेट के भविष्य के प्रशासन और जलमार्ग में सूचनाओं के आदान-प्रदान, ट्रैफ़िक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक तंत्र बनाने जैसे मुद्दों पर काम किया जा सके।

प्रतिबंधित क्षेत्र की होगी घोषणा

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेज़ाई (Mohsen Rezaei) ने होर्मुज स्ट्रेट पर बात करते हुए कहा कि ईरान आने वाले दिनों में इस विषय में एक बड़ा फैसला लेने वाला है। ईरान की तरफ से होर्मुज स्ट्रेट के बाहर एक प्रतिबंधित क्षेत्र की घोषणा की जाएगी और इस क्षेत्र से गुज़रने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को ईरान की प्रतिबंध सूची में डाल दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *