हिरासत से छूटने के बाद आमिर खान के भांजे इमरान खान ने पुलिसवालों को कहा जय हिंद, वायरल हुआ वीडियो

हिरासत से छूटने के बाद आमिर खान के भांजे इमरान खान ने पुलिसवालों को कहा जय हिंद, वायरल हुआ वीडियो

Imran Khan Detention: मुंबई में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिनेता इमरान खान को पुलिस ने हिरासत में लिया था। हिरासत से रिहा होने के बाद इमरान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अभिनेता पुलिसकर्मियों की ओर हाथ हिलाते हुए ‘जय हिंद’ कहते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी कई वीडियो सामने आए हैं।

इमरान खान से जुड़े हुए वीडियोज

प्रदर्शनकारी और बॉम्बे हाई कोर्ट के वकील बताए जा रहे ललित शर्मा ने सोशल मीडिया पर इमरान खान से जुड़े कई वीडियो साझा किए। एक वीडियो में पुलिसकर्मी इमरान और अन्य प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान इमरान की गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और उनकी कजिन जैन मैरी खान भी पुलिस अधिकारियों से हिरासत में लेने का कारण और संबंधित दस्तावेज दिखाने की मांग करती दिखाई देती हैं।

रिहाई के बाद एक दूसरे वीडियो में इमरान खान ने दावा किया कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि आखिर उन्हें हिरासत में क्यों लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें सड़क से उठाया और गाड़ी में बैठने के लिए कहा। इमरान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें लगा कि शायद पुलिस की गाड़ी अंदर से बहुत अच्छी होगी, इसलिए पुलिसवाले उन्हें उसमें बैठने के लिए कह रहे हैं।

इमरान खान ने लगाए आरोप

अभिनेता के मुताबिक, उन्हें और अन्य लोगों को पुलिस वैन में करीब दो घंटे तक इधर-उधर घुमाया गया और बाद में एक अज्ञात जगह पर उतार दिया गया। लेखा वॉशिंगटन ने भी दावा किया कि रिहाई के बाद उन्हें वापस जाने के लिए कैब तक लेने की अनुमति नहीं दी गई।

इमरान खान, लेखा वॉशिंगटन और जैन मैरी खान को बाद में रिहा कर दिया गया। इमरान उन 400 से ज्लो गों में शामिल थे जिन्हें मुंबई पुलिस ने अगस्त क्रांति मैदान और नाना चौक के आसपास हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था।

तुषार गांधी के आह्वान पर हुआ था प्रदर्शन

यह प्रदर्शन महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी के आह्वान पर हुआ था। प्रदर्शन का संबंध कैंपेन फॉर ज्यूडिशियल अकाउंटेबिलिटी एंड रिफॉर्म्स की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर से जुड़ी चिंताओं से था।

पुलिस का कहना था कि अगस्त क्रांति मैदान निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं था और बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के तहत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई की गई। इस बीच इमरान खान का पुलिस को ‘जय हिंद’ कहते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *