बैतूल पाथाखेड़ा की शोभापुर कॉलोनी में मंगलवार रात 74 वर्षीय वृद्धा के हाथ से कंगन काटकर चोरी करने का मामला सामने आया है। बदमाश घर में घुसे और अलमारी तक नहीं छुई। उन्होंने सो रही वृद्धा के हाथ से कंगन काटे और गले से सोने की चेन निकालकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, घर में घुसने के लिए दरवाजे को आग से गर्म कर काटा गया। जिले में इस तरह दरवाजा काटकर चोरी का यह पहला मामला बताया जा रहा है। घटना में वृद्धा डी. गिरिजा के हाथ में चोट लगी और खून भी मिला। परिवार के मुताबिक, चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 4 से 7 लाख रुपए है। किस उपकरण से दरवाजा काटा, इसकी जांच पुलिस यह पता कर रही है कि दरवाजा काटने के लिए किस उपकरण का इस्तेमाल किया गया। मौके के हालात देखकर छोटे गैस कटर या ब्लो टॉर्च जैसे उपकरण के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। फैब्रिकेशन से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार में छोटे आकार के ऐसे उपकरण उपलब्ध हैं। हालांकि शोभापुर की घटना में वास्तव में किस उपकरण का इस्तेमाल हुआ, यह अभी पुलिस जांच का विषय है। पुलिस मौके पर मिले निशानों और फोरेंसिक जांच के आधार पर इसका पता लगा रही है। अलमारियों को नहीं छुआ, परिचित पर भी जांच पुलिस के लिए यह बात भी महत्वपूर्ण है कि बदमाशों ने घर की अलमारियां नहीं खोलीं। परिवार के मुताबिक, उनके घर में पहले भी दो-तीन बार चोरी हो चुकी है। इसी वजह से पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों को घर, वृद्धा और उनकी दिनचर्या की पहले से जानकारी थी। हालांकि पुलिस ने अभी किसी परिचित के शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने की जांच घटना के बाद पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से संभावित रास्तों पर करीब 2 से 3 किलोमीटर तक सर्च किया। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और पुराने चोरी के मामलों की जानकारी भी खंगाल रही है। घटना के समय परिवार की गतिविधियों और घर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। एसपी वीरेंद्र जैन ने भी घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। बैतूल के पूर्व एसपी के. कार्तिकेयन, जो वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, ने भी घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों से बात की है। थाना प्रभारी बोले- जिले में पहली बार ऐसा मामला थाना प्रभारी जयपाल इवनाती ने बताया कि दरवाजा इस तरह काटे जाने की घटना जिले में पहली बार सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दरवाजा काटने के लिए किस उपकरण का इस्तेमाल किया गया और आरोपी उस उपकरण को कहां से लेकर आए।

