हाथरस से लापता पॉलिटेक्निक छात्र झांसी में मिला:2 युवकों ने कार में अगवा किया, ट्रेन से कूदकर बचाई जान; GRP ने परिवार को सौंपा

हाथरस से लापता पॉलिटेक्निक छात्र झांसी में मिला:2 युवकों ने कार में अगवा किया, ट्रेन से कूदकर बचाई जान; GRP ने परिवार को सौंपा

हाथरस के सहपऊ थाना क्षेत्र से लापता हुए एमजी पॉलिटेक्निक के छात्र को झांसी से बरामद कर लिया गया है। छात्र का आरोप है कि सादाबाद चौराहे के पास दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे ईको कार में खींच लिया और बेहोश कर दिया। होश आने पर उसने खुद को ट्रेन में पाया। झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान छात्र भीड़ का फायदा उठाकर बाहर कूद गया और सीधे जीआरपी के पास पहुंच गया। रास्ता पूछने के बहाने कार में खींचा ग्राम मढ़ापिथु निवासी ललित कुमार पुत्र हरिओम चौधरी हाथरस के एमजी पॉलिटेक्निक में प्रथम वर्ष का छात्र है। परिजनों के मुताबिक, 17 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे ललित कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। ललित ने परिजनों को बताया कि सादाबाद चौराहे के पास ईको कार सवार दो युवकों ने उससे रास्ता पूछने के बहाने उसे कार में खींच लिया। इसके बाद उसके मुंह पर रूमाल रख दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। ट्रेन में आया होश, झांसी पहुंचते ही कूद गया छात्र के मुताबिक, जब उसे होश आया तो वह एक ट्रेन में था। उसके साथ दोनों युवक भी मौजूद थे। आरोप है कि दोनों उसे चुप रहने की धमकी दे रहे थे। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही ललित ने हिम्मत दिखाई। भीड़ का फायदा उठाकर वह ट्रेन से बाहर कूद गया और तत्काल रेलवे पुलिस के पास पहुंच गया। उसके बाहर निकलने के बाद ट्रेन वहां से रवाना हो गई। जीआरपी ने परिजनों को दी सूचना झांसी जीआरपी ने छात्र की बरामदगी की सूचना उसके परिजनों को दी। पिता हरिओम चौधरी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद परिवार झांसी पहुंचा। उन्होंने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो ललित पूरी तरह होश में नहीं था। पुलिस की आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन छात्र को वापस हाथरस ले आए हैं। घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है और छात्र से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *