हाथरस में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन 10 मीटर इंटरनल शूटिंग हॉल और मल्टीपर्पज हॉल का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि राइफल क्लब के सहयोग से स्टेडियम में 10 मीटर इंटरनल शूटिंग रेंज तैयार की जा रही है। शूटिंग हॉल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन इसे पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को उपकरणों की सूची तैयार करने, आवश्यकता का आकलन करने और तत्काल खरीद प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद ही खिलाड़ी शूटिंग रेंज का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने स्टेडियम परिसर में नगरपालिका की ओर से बनाए जा रहे मल्टीपर्पज हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बचे हुए फ्लोरिंग कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने और हॉल में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि शूटिंग के क्षेत्र में अनुभव रखने वाली कोई संस्था, विशेषज्ञ या व्यक्ति यदि शूटिंग रेंज के संचालन, रखरखाव और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में सक्षम है तो वह आगे आ सकता है। नियमानुसार प्रक्रिया अपनाकर ऐसी संस्था या व्यक्ति को शूटिंग रेंज के बेहतर संचालन और अनुरक्षण की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार किया जाएगा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

