हाथरस में आज भी महानवमी का पर्व मनाया जा रहा है। देवी मंदिरों पर सुबह से भक्तों का तांता लग गया। सुबह से ही घर-घर में हवन के साथ पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में जाकर पूड़ी, चना, हलवा से देवी का भोग लगाया गया। लोगों ने कन्या लंगूरा जिमाए। प्रसाद भी वितरित किया गया। प्रमुख मंदिरों में देवी के मनोहारी श्रृंगार की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु उमड़ते रहे। पूरा वातावरण देवी के जयकारों से गूंजता रहा। जिन श्रद्धालुओं ने शारदीय नवरात्र पर उपवास रखे थे, उन्होंने प्रसाद ग्रहण कर उपवास खोला। मंदिरों में भक्तों ने देवी का जलाभिषेक किया। लौंग, गुग्गल, कपूर, सिंदूर, पुष्प आदि सामग्री से उनकी पूजा की। इन मंदिरों पर लगी रही भीड़ शहर के शीतला देवी मंदिर, बौहरे वाली देवी मंदिर, रमनपुर स्थित मां चामुंडा मंदिर, चामड़ गेट स्थित मां चामुंडा मंदिर, अलीगढ़ रोड स्थित मां कंकाली मंदिर, हाथरसी देवी मंदिर, बिसाना स्थित मां तारागढ़ मंदिर, सहपऊ स्थित मां भद्रकाली मंदिर, पथवारी माता मंदिर पर भीड़ दिखाई दी। इससे पहले रात्रि में भक्तों ने परिक्रमा भी लगाई और विभिन्न स्थानों पर देवी जागरण भी हुए। पूरा का पूरा वातावरण माता रानी की भक्ति में रमा दिखाई दिया।

