हाईकोर्ट ने संभल सीओ से रिपोर्ट मांगी:पूर्व इंस्पेक्टर सुधीर पंवार पर व्यापारियों को धमकाने और छह लाख रुपये वसूली का आरोप

हाईकोर्ट ने संभल सीओ से रिपोर्ट मांगी:पूर्व इंस्पेक्टर सुधीर पंवार पर व्यापारियों को धमकाने और छह लाख रुपये वसूली का आरोप

संभल कोतवाली के पूर्व इंस्पेक्टर पर दुकानदारों को प्रताड़ित करने, धमकाने और छह लाख रुपये वसूलने के गंभीर आरोप लगे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की एकल खंडपीठ ने इन आरोपों वाली याचिका पर संज्ञान लिया है। कोर्ट ने संभल के सीओ को जांच कर शपथ पत्र के साथ रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 1 सितंबर को निर्धारित की गई है। पूरा मामला संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के मुख्य बाजार से संबंधित है। कोट पूर्वी निवासी राजीव कुमार उर्फ राजू भगत, मोहम्मद शकील और दवीर अहमद दिल्ली के व्यापारी अनवर परवेज की फर्म से मसालों का व्यापार करते हैं। उन्होंने बताया कि साल 2026 में भी माल खरीदा गया था और विभिन्न तिथियों पर ऑनलाइन भुगतान किया गया। दुकानदारों के अनुसार, भुगतान के बावजूद व्यापारी की ओर से बकाया रकम को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस विवाद के बाद, 18 जुलाई 2026 को डीजीपी को भेजी गई शिकायत में पूर्व कोतवाली प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें थाने बुलाकर प्रताड़ित किया गया और धमकाया गया। शिकायतकर्ता मोहम्मद शकील ने पुलिस पर दबाव बनाने और उसे थाने ले जाने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, 10 जून को उन्हें थाने लाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई। उन पर पांच लाख रुपये तत्काल देने का दबाव भी बनाया गया। आरोप है कि 11 जून की रात करीब 8 बजे मोहम्मद शकील को पुलिस चौकी चौधरी सराय बुलाकर बिचौलिए रिजवान के माध्यम से तीन लाख रुपये लिए गए। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने 1 जुलाई को जिलाधिकारी और 2 जुलाई को पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद, 14 जुलाई को एसपी संभल को एक प्रार्थना पत्र भी दिया गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वास्तविक बकाया राशि लगभग 76 हजार रुपये थी, जबकि उनसे छह लाख रुपये की रकम वसूली गई। उन्होंने डीजीपी से पूर्व कोतवाली प्रभारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, कथित तौर पर वसूले गए छह लाख रुपये वापस दिलाने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। 4 अगस्त को संभल के संकरण इंटर कॉलेज चौराहे पर सांसद पप्पू यादव का पुतला फूकने के दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से विवाद होने और मोहर्रम पर मुस्लिम नेता नवाब बंदू के पैर छूने के बाद इंस्पेक्टर सुधीर पंवार चर्चा में आए थे। वर्दी में पैर छूने को लेकर हिंदू समुदाय के लोगों ने आपत्ति की, इसके बाद एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने 05 अगस्त को संभल कोतवाली प्रभारी पद से सुधीर पंवार को हटाते हुए थाना असमोली प्रभारी बना दिया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *