हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ व सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि हरियाणा मुक्त विद्यालय की सेकेंडरी (10वीं) एवं सीनियर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा मार्च-2027 के लिए फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क 15 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। जिसे अब बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दिया गया है। इच्छुक परीक्षार्थी, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में अपना आवेदन नहीं कर पाए, वे अब 31 अक्टूबर तक बिना किसी विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होनें बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक परीक्षार्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध संबंधित लिंक के माध्यम से निर्धारित समयावधि में आवेदन कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करते समय अपने व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक जानकारी एवं अन्य आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें तथा आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उसकी पुष्टि अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा यह अवसर परीक्षार्थियों की सुविधा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है। उन्होंने पात्र परीक्षार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए निर्धारित समय से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य असुविधा से बचा जा सके।

