हरियाणा में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को 30वें दिन में प्रवेश कर गई। आंदोलन के इस पड़ाव पर कर्मचारियों ने अनूठा और कड़ा विरोध जताते हुए अपने सिर मुंडवाए। यह विरोध सरकार की ओर से जारी किए गए उन नोटिसों के खिलाफ था, जिनमें काम पर न लौटने पर बर्खास्तगी की चेतावनी दी गई थी। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न जिलों में सड़कों पर उतरकर जोरदार जुलूस निकाला और सरकार विरोधी नारे लगाए। एक तरफ जहां सफाई कर्मचारी अपनी मांगों पर डटे हैं, वहीं दूसरी तरफ हरियाणा सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग के हड़ताली कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने हड़ताल में शामिल कुल 24 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें 14 अनुबंधित (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मचारी और 10 हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारी शामिल हैं। सफाई कर्मचारियों के विरोध की तस्वीरें… सरकार के अल्टीमेटम का असर नहीं
वहीं निदेशालय की ओर से शुक्रवार सुबह 9:00 बजे तक हड़ताली कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लौटने की अंतिम चेतावनी दी गई थी। निर्धारित समय सीमा तक काम पर न लौटने के बाद यह बर्खास्तगी आदेश जारी किए गए। सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं का कहना है कि सरकार दमनकारी नीतियों के जरिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा। राज्य के कई हिस्सों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे, लेकिन कर्मचारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

