हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते हुए वारदात को दिया गया अंजाम

हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते हुए वारदात को दिया गया अंजाम

Haryanvi Singer-Actor Ankit Baliyan Murder: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी संगीत और सोशल मीडिया से जुड़े कलाकार अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। 32 वर्षीय अंकित को शहर के आर्यपुरी नाला पटरी इलाके में जिम से निकलने के बाद निशाना बनाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर पहले से वहां मौजूद थे और अंकित के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

जिम से निकलते ही किया गया हमला

बताया जा रहा है कि अंकित रोजाना की तरह बुधवार को जिम पहुंचे थे। शाम करीब 7 बजे जब वह बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़े, तभी बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की संख्या करीब चार थी। बताया गया है कि बदमाशों ने अंकित की गाड़ी का दरवाजा खोलकर भी फायरिंग की। उनकी स्कॉर्पियो के अगले शीशे पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से कारतूस के खोखे जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ से मिली पहचान

अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने अलग अंदाज के गानों के लिए पहचाने जाते थे। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी चर्चित हुआ था। गाने की वजह से वह खास तौर पर युवाओं के बीच लोकप्रिय हुए और सोशल मीडिया पर भी उनकी पहचान बनी।

अंकित अक्सर हथियार और गन कल्चर से जुड़े विषयों पर गाने बनाते थे। हत्या से कुछ समय पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह कार में बैठकर एक गाना गाते दिखाई दे रहे थे। अब इस पोस्ट को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे

अंकित केवल संगीत और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं थे। जानकारी के मुताबिक वह जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। इसी वजह से उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक, व्यक्तिगत या आपराधिक विवाद समेत कई पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

अंकित शामली के बंतीखेड़ा गांव से ताल्लुक रखते थे। उनके परिवार में पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं और मां का नाम अमरेश बताया गया है। वह दो भाइयों में बड़े थे। घटना के बाद परिवार और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

सड़क पर शव रखकर विरोध

हत्या की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों और समर्थकों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की फोर्स तैनात की गई। अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की।

पुलिस को आशंका है कि वारदात में हरियाणा के शूटर शामिल हो सकते हैं। हमलावरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर भेजी गई हैं। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और पुलिस घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

2023 में रोड शो को लेकर दर्ज हुई थी FIR

अंकित बालियान पहले भी एक रोड शो को लेकर सुर्खियों में आए थे। जुलाई 2023 में शामली में उनके स्वागत कार्यक्रम के दौरान वाहनों और बाइकों के काफिले के साथ जुलूस निकाला गया था। इस मामले में अनुमति और नियमों के उल्लंघन को लेकर अंकित समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अंकित बालियान की हत्या किस विवाद के चलते हुई और इस साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *