हरदोई में आधार कार्ड बनवाने गई किशोरी नदी में डूबी:श्रीमऊ से लौटते समय गंभीरी नदी के पुल से गिरी, तलाश जारी

हरदोई में आधार कार्ड बनवाने गई किशोरी नदी में डूबी:श्रीमऊ से लौटते समय गंभीरी नदी के पुल से गिरी, तलाश जारी

हरदोई में हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के भदार गांव में मंगलवार शाम एक किशोरी नदी में डूब गई। 16 साल की दीपिका अपनी सहेलियों के साथ आधार कार्ड में सुधार कराने श्रीमऊ गांव गई थी। वापस लौटते समय वह गंभीरी नदी के पुल से नीचे गिर गई और तेज बहाव में बह गई। भदार गांव निवासी अमर सिंह की बेटी दीपिका मंगलवार शाम घर से करीब दो किलोमीटर दूर श्रीमऊ गांव गई थी। काम खत्म होने के बाद वह सहेलियों के साथ पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान गंभीरी नदी के पुल से गुजरते समय वह अचानक नदी में गिर गई। देखते ही देखते दीपिका पानी में ओझल हो गई। सहेलियों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। परिजन तुरंत नदी के पुल पर पहुंचे। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश शुरू की गई। नदी के किनारे परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। सभी की निगाहें नदी के पानी पर टिकी थीं। परिवार के लोग दीपिका के सुरक्षित मिलने की उम्मीद कर रहे थे। हरपालपुर के थाना प्रभारी संदीप शुक्ला ने बताया कि नदी में डूबी किशोरी की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *