Amrapali Dubey reaction: भोजपुरी इंडस्ट्री में पाखी हेगड़े और दिनेश लाल यादव की जोड़ी काफी चर्चित रही है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है, लेकिन अब पाखी के एक खुलासे ने उनके पुराने रिश्ते को फिर चर्चा में ला दिया है। हाल ही में Bhojpuri Bawaal के एक इंटरव्यू में पाखी ने माना कि दिनेश के साथ उनका रिश्ता सिर्फ प्रोफेशनल नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि दिनेश ने कभी उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था।
‘हम दोस्तों से कहीं ज्यादा थे’
आज यानी 21 अगस्त को शेयर किए गए वीडियो में पत्रकार शुभांकर मिश्रा ने पाखी हेगड़े से दिनेश लाल यादव के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल किया। उनसे पूछा गया कि दोनों के बीच रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित था या कुछ और भी था।
पाखी ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उनका रिश्ता सिर्फ प्रोफेशनल नहीं था। उन्होंने माना कि वे दोनों ‘दोस्तों से कहीं ज्यादा’ थे। इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या दिनेश ने कभी उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था, तो पाखी कुछ देर रुकीं और फिर उन्होंने ‘हां’ में जवाब दिया।
सामने आए दिनेश तो भावुक हुईं पाखी
पाखी का ये खुलासा सुनकर आम्रपाली दुबे हैरान नजर आईं। उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा,’सीरियसली?’ बता दें, दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे की ऑनस्क्रीन जोड़ी भी भोजपुरी सिनेमा में काफी लोकप्रिय रही है। ऐसे में पाखी के इस पुराने रिश्ते और शादी के प्रपोजल के खुलासे ने बातचीत को और दिलचस्प बना दिया।
वीडियो में इसके बाद दिनेश लाल यादव की एंट्री होती है। उन्हें सामने देखकर पाखी हेगड़े भावुक हो जाती हैं और उनकी आंखों में आंसू नजर आते हैं। पाखी ने दिनेश को गले भी लगाया।इसके बाद शुभांकर मिश्रा ने दिनेश को पाखी के पुराने रिश्ते और शादी के प्रपोजल से जुड़े खुलासे के बारे में बताया।
प्यार के सवाल पर दिनेश ने नहीं दिया सीधा जवाब
जब पत्रकार ने दिनेश लाल यादव से पूछा कि क्या उन्हें कभी पाखी से प्यार था, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। वो कुछ देर के लिए नर्वस और भावुक नजर आए और पानी का गिलास उठाकर पानी पीने लगे। वीडियो में दोनों के बीच का ये भावुक पल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिल्मों में साथ कर चुके हैं काम
पाखी हेगड़े ने 2004 में एक टीवी शो से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2006 में उन्होंने भोजपुरी फिल्म ‘बैरी पिया’ से डेब्यू किया। पाखी और दिनेश लाल यादव ने ‘निरहुआ रिक्शावाला’, ‘गंगा देवी’ और ‘सात सहेलियां’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।
अब पाखी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आने वाली हैं। ये शो जियोहॉटस्टार पर रोजाना रात 9 बजे स्ट्रीम होता है, जबकि इसके एपिसोड कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे स्ट्रीम होते हैं।

