तमिलनाडु के वेल्लोर में 52 साल के रिटायर्ड आर्मी अधिकारी बाबू को गिरफ्तार किया गया है। बाबू पर आरोप है कि उसने सेना से जुड़ी कई अहम जानकारियां लीक कीं। कनियामबाड़ी पुलिस के मुताबिक, बाबू ने व्हाट्सऐप के जरिए एक अज्ञात महिला को सैन्य उपकरणों और इंडियन आर्मी से जुड़ी गोपनीय जानकारी भेजी। बाबू वेल्लोर के कीझवल्लम गांव का रहने वाला है। वह 28 साल तक इंडियन आर्मी की अलग-अलग शाखाओं में सेवा दे चुका है। उसने पिछले साल आर्मी की इक्विपमेंट डिवीजन से कैप्टन पद पर रिटायरमेंट लिया था। इसके बाद वह अपने गांव में रहने लगा। महिला से व्हाट्सऐप के जरिए जुड़ा बाबू जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले एक अज्ञात महिला ने बाबू से व्हाट्सऐप पर संपर्क किया था। महिला ने पहले अनुचित बातचीत के जरिए उससे संबंध बनाए। इसके बाद वह धीरे-धीरे इंडियन आर्मी से जुड़ी जानकारी मांगने लगी। बाबू ने महिला की मांगी गई जानकारी उसे भेजी। जब उसे किसी जानकारी का पता नहीं होता था, तो वह फोन पर आर्मी के दफ्तरों से जानकारी लेता था। इसके बाद वह यह जानकारी महिला को भेज देता था। केंद्रीय एजेंसियों ने पूछताछ के बाद अरेस्ट किया पिछले एक साल से चल रही बाबू की इन गतिविधियों पर आर्मी अधिकारियों को शक हुआ। इसके बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद से उससे आमने-सामने पूछताछ की गई। केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने बाबू को 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इसके बाद 24 अक्टूबर की रात उसे वेल्लोर ग्रामीण पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। वेल्लोर ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला और व्हाट्सऐप अकाउंट की जांच बाबू की गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां अब उस महिला की पहचान करने में जुटी हैं, जिसने बाबू से संपर्क किया और गोपनीय जानकारी हासिल की। वे यह भी पता लगा रहे हैं कि व्हाट्सऐप अकाउंट कौन चला रहा था। इसके अलावा, मामले में किसी विदेशी नागरिक या विदेश में मौजूद संगठन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हनीट्रैप में फंसा सेना का रिटायर्ड कैप्टन, वेल्लोर से गिरफ्तार:आरोप- अनजान महिला को खुफिया जानकारी भेजी; 28 साल तक आर्मी में सर्विस कर चुका

