हत्या के मामले में 7 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार:जंगल में टपरिया बनाकर छिपा था 3 हजार का ईनामी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

हत्या के मामले में 7 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार:जंगल में टपरिया बनाकर छिपा था 3 हजार का ईनामी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

सागर के महाराजपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में करीब 7 महीने से फरार चल रहे आरोपी सुखदेव यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल में टपरिया बनाकर छिपा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई और फिर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी सुखदेव पिता महेश यादव, निवासी देचूआ, वारदात के बाद से फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी सागर ने 3 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। जंगल में टपरिया बनाकर रह रहा था आरोपी पुलिस को सूचना मिली कि सुखदेव जंगल में टपरिया बनाकर छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर टपरिया की घेराबंदी की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। पुराने विवाद में लाठी-डंडों से किया था हमला पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, मृतक अभी यादव के पिता लखन यादव ने बताया था कि वारदात से करीब 15 दिन पहले भागचंद यादव निवासी समनापुर शाहजू, देचूआ गांव में रिश्तेदारी में आया था। इस दौरान अभी यादव और भागचंद के बीच विवाद हुआ था। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद 24 फरवरी को अभी यादव रिश्तेदारों के साथ बाइक से समनापुर शाहजू में अपने साढ़ू के घर आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय हुई थी मौत मारपीट में अभी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले गए। देवरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन सागर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुखदेव यादव फरार चल रहा था। अब उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *