पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी हलके के गांव तूत में सरपंच अश्वनी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिवार के साथ दुख साझा करने के लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सोमवार को गांव पहुंचेगा। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष प्रगट सिंह सोमवार शाम 5 बजे दिवंगत सरपंच के गृह निवास पहुंचेंगे। पूर्व विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब मामलों के प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष प्रगट सिंह के साथ कई वरिष्ठ पार्टी नेता, वर्तमान विधायक और जिलाध्यक्ष सोमवार शाम 5 बजे गांव तूत पहुंच रहे हैं। वे पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। हत्या से इलाके में भारी तनाव और चिंता का माहौल सरपंच अश्वनी कुमार की गोलियां मारकर की गई दिनदहाड़े हत्या के बाद से गांव तूत और आसपास के पूरे पट्टी हल्के में दहशत और गंभीर चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारी रोष है। घटना की विस्तृत जानकारी लेंगे पार्टी नेता कांग्रेस की इस उच्चस्तरीय विजिट को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने के साथ-साथ घटना के संदर्भ में परिजनों और स्थानीय निवासियों से विस्तृत जानकारी भी हासिल करेगा। सचिन पायलट और प्रगट सिंह के इस दौरे के दौरान पट्टी क्षेत्र के स्थानीय कांग्रेस नेता, ब्लॉक अध्यक्ष और भारी तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

