हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम टीम को रोका:जींद में कूड़ा उठाने पहुंची टीम का विरोध; कुंदन सिनेमा के पास पुलिस तैनात

हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम टीम को रोका:जींद में कूड़ा उठाने पहुंची टीम का विरोध; कुंदन सिनेमा के पास पुलिस तैनात

जींद शहर के कुंदन सिनेमा के पास बुधवार को हड़ताली सफाई कर्मचारियों और नगर निगम की टीम के बीच कूड़ा उठाने को लेकर विवाद हो गया। नगर निगम के कर्मचारी शहर से कूड़ा उठाने पहुंचे थे, लेकिन हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। हालात को देखते हुए मौके पर पुलिस भी तैनात की गई। सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के बावजूद नगर निगम ने शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को कूड़ा उठाने भेजा था। जब निगम की टीम कुंदन सिनेमा के पास कूड़ा उठाने लगी, तो हड़ताली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया। दूसरे कर्मचारियों से कूड़ा उठवाना हड़ताल को कमजोर करने की साजिश हड़ताली कर्मचारियों का कहना था कि जब वे अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, तो दूसरे कर्मचारियों से कूड़ा उठवाना उनकी हड़ताल को कमजोर करने की कोशिश है। इसी बात को लेकर मौके पर तनाव बढ़ गया। विरोध के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी और हालात संभालने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए। हड़ताली कर्मचारियों ने प्रशासन से उनकी मांगों पर बातचीत कर हल निकालने की मांग की। वहीं, नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कूड़ा उठाने का काम जारी रखा है। घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में हालात को काबू किया गया। इस मामले को लेकर सफाई कर्मचारियों में अभी भी गुस्सा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *