रोहतक के पुराना सदर थाना के पास माता दरवाजा स्थित स्वामी आत्मानंद आश्रम में सोमवार को सद्गुरु स्वामी आत्मानंद जी महाराज की 141वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। समारोह में लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा के बेटे संजीव और सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी की प्रतिनिधि पूर्व सांसद किरण चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेणु डाबला ने की। समारोह में स्वामी आत्मानंद जी महाराज के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति योगदान को याद किया गया। समारोह के दौरान आश्रम और संस्था के हॉस्टल सहित विकास कार्यों के लिए दोनों मंत्रियों के प्रतिनिधियों ने 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस तरह कुल 22 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी आत्मानंद जी महाराज ने अपना पूरा जीवन समानता, शिक्षा और मानव कल्याण के लिए समर्पित किया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और भाईचारे का संदेश देती हैं। संस्था से जोड़ने के लिए चलाया जाएगा सदस्यता अभियान संस्था के प्रधान वीरेंद्र इंदौरा, महासचिव राजकुमार अजायब और मीडिया प्रभारी राजेश कुमार अटकान ने बताया कि समारोह में सामाजिक एकता बनाए रखने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि संस्था को और मजबूत बनाने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य संस्था की गतिविधियों में लोगों की भागीदारी बढ़ाना और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में ये अधिकारी और पदाधिकारी हुए शामिल समारोह में संत समाज के सदस्यों के अलावा कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व न्यायाधीश आरबी सिंह, स्वामी दयानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, बलबीर मोर, राजेंद्र सुरोलिया, राजवीर, श्याम, स्वदेश कबीर, आजाद डाबला, कृष्ण, मनोज, शैलेंद्र और अशोक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, अधिकारी तथा संस्था की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने स्वामी आत्मानंद जी महाराज के बताए मार्ग पर चलने और समाजहित के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।

