स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ हाई अलर्ट, रातभर चला चेकिंग अभियान:हर थाने में दो से चार चेकिंग प्वाइंट, थाना प्रभारियों ने संभाली कमान, ली तलाशी

स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ हाई अलर्ट, रातभर चला चेकिंग अभियान:हर थाने में दो से चार चेकिंग प्वाइंट, थाना प्रभारियों ने संभाली कमान, ली तलाशी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मेरठ में पुलिस हाई अलर्ट पर है। शुक्रवार को दिनभर पुलिस सड़क पर रही तो रात होते ही दोबारा अभियान शुरु करा दिया। देर रात पुलिस ने पूरे जिले में एक साथ सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध वाहनों और लोगों की तलाशी ली। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने बैरियर लगाकर वाहनों को रोकना शुरू किया। वाहन की तलाशी लेने के साथ ही चालक और सवारों की आईडी भी जांची गई। अचानक शुरू हुए इस अभियान से रात में सड़कों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ गई। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पहले से चेकिंग प्वाइंट चिन्हित किए गए थे। प्रत्येक थाने में दो से चार स्थानों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया। थाना प्रभारियों को खुद मौके पर मौजूद रहकर चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए थे। टीपीनगर, परतापुर, कंकरखेड़ा, मेडिकल, नौचंदी, सिविल लाइन और गंगानगर समेत लगभग सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने देर रात तक अभियान चलाया। संदिग्ध वाहनों को रोककर चेक किया
चेकिंग के दौरान पुलिस ने खास तौर पर बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध नंबर प्लेट और तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखी। दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की भी जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहनों की डिग्गी खुलवाकर सामान की तलाशी ली और संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर एएस टीम की निगरानी
पुलिस के साथ एएस टीमों को भी सक्रिय किया गया है। टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर चेकिंग की। बस अड्डों, प्रमुख बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिसकर्मियों को किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। एलआईयू भी हुई सक्रिय
सुरक्षा व्यवस्था में लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) को भी लगाया गया है। एलआईयू की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटा रही हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, होटल, धर्मशाला, सार्वजनिक स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है। बाहरी लोगों की गतिविधियों और संदिग्ध आवागमन की जानकारी जुटाई जा रही है। सुबह से प्रमुख स्थानों पर चलेगा अभियान एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के सभी प्रमुख स्थानों पर सुबह से ही चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग भी कराई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए थाना पुलिस के साथ अन्य पुलिस इकाइयों को भी सक्रिय रखा गया है। पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर भी बनी हुई है और संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *