स्वतंत्रता दिवस के साथ मेरठ में हरियाली तीज की धूम:झूले पर विराजे राधा-कृष्ण, शहरभर में हो रहे आयोजन

स्वतंत्रता दिवस के साथ मेरठ में हरियाली तीज की धूम:झूले पर विराजे राधा-कृष्ण, शहरभर में हो रहे आयोजन

शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के साथ शहर में हरियाली तीज का उल्लास भी देखने को मिला। काली पलटन स्थित औघड़नाथ मंदिर के राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान के विग्रह को आकर्षक झूले पर विराजमान कराया गया। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में तीज के चलते भक्ति और उत्सव का माहौल नजर आया। हरियाली तीज को लेकर महिलाओं में भी खासा उत्साह रहा। शहर के बाजारों में देर रात तक मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने तीज के लिए साज-सज्जा का सामान, कपड़े और मिठाइयों की खरीदारी की। बाजारों में जगह-जगह तीज के रंग नजर आए। तीज के त्योहार पर मिठाई की दुकानों पर घेवर की खास मांग रही। दुकानों पर प्लेन, केसर और इलायची समेत अलग-अलग स्वाद के घेवर सजाए गए हैं। इस बार छोटे आकार के मिनी घेवर भी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। महिलाएं तीज पर घर ले जाने और रिश्तेदारों को देने के लिए घेवर की खरीदारी कर रही हैं। दुकानदारों के मुताबिक तीज के आसपास घेवर की बिक्री बढ़ जाती है और त्योहार को देखते हुए पहले से ही अलग-अलग वैरायटी तैयार की गई हैं। शहरभर में आज भी हरियाली तीज के आयोजन होंगे। विभिन्न स्थानों पर महिलाओं के लिए तीज मिलन, झूला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लेडीज पार्क में भी हरियाली तीज का मेला लगाया जाएगा, जहां महिलाओं के लिए झूले, खान-पान और मनोरंजन के साथ विभिन्न कार्यक्रम होंगे। स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज एक साथ होने से शहर में देशभक्ति के साथ त्योहार का रंग भी नजर आया। एक ओर बाजार और प्रमुख स्थान तिरंगे की रोशनी से सजे नजर आए, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के बीच तीज के गीत, मेहंदी, झूले और घेवर की खरीदारी का उत्साह देखने को मिला।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *