‘स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच मातम!’ संभल में स्कूल का छज्जा गिरने से मासूम छात्र की मौत, 2 घायल

‘स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच मातम!’ संभल में स्कूल का छज्जा गिरने से मासूम छात्र की मौत, 2 घायल

Sambhal School Gate Collapse Independence Day: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मदाला फतेहपुर स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल (हसनैन पब्लिक स्कूल) के मुख्य गेट का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में एक मासूम छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। देशभर में स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन यहां यह खुशी पलभर में मातम में बदल गई।

जानें कैसे हुआ हादसा

शनिवार सुबह करीब 9 से साढ़े 9 बजे के बीच स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था। बच्चे कार्यक्रम में शामिल होने या देखने के लिए स्कूल परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक नीचे आ गिरा। छज्जा गिरते ही तीन बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई और पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और स्कूल स्टाफ ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।

मृतक और घायलों की जानकारी

हादसे में निजाम पुत्र नईम की मौके पर ही मौत हो गई। घायल बच्चों में शैफली और शैदान शामिल हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। तीनों बच्चे गांव मदाला फतेहपुर के ही बताए जा रहे हैं। मृतक बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उपजिलाधिकारी विकास चंद्र, तहसीलदार धीरेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी असमोली अमन वर्मा, पुलिस टीम और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी भी मामले की जांच में जुट गए। अधिकारियों ने गिरे हुए छज्जे और स्कूल परिसर का जायजा लिया तथा मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और भवन की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। एक ओर जहां देश आजादी का जश्न मना रहा था, वहीं इस स्कूल में एक मासूम की जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *