स्लीपर सेल की साजिश के बाद भी पाक कनेक्शन पर क्यों खामोश है नागौर? जयपुर में बबीता के बाद बंगाल की अर्पिता भी गिरफ्तार

स्लीपर सेल की साजिश के बाद भी पाक कनेक्शन पर क्यों खामोश है नागौर? जयपुर में बबीता के बाद बंगाल की अर्पिता भी गिरफ्तार

नागौर: जयपुर में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क से जुड़ी महिला आतंकी की गिरफ्तारी के करीब 50 दिन बीत जाने के बाद भी सीमावर्ती क्षेत्रों और आसपास के जिलों में डिजिटल निगरानी तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जयपुर और पश्चिम बंगाल में सामने आए हालिया मामलों ने यह साफ कर दिया है कि विदेशी हैंडलर्स सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर देश विरोधी साजिश रच रहे हैं। इसके बावजूद नागौर जिले में साइबर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी का कोई प्रभावी और सक्रिय तंत्र नजर नहीं आ रहा है।

जयपुर से बंगाल तक फैला संदिग्ध नेटवर्क

राजस्थान एटीएस ने जयपुर से बबीता धाकड़ उर्फ ‘खदीजा’ को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि बबीता सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी कट्टरपंथी हैंडलर्स के संपर्क में आई, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। वह फिदायीन बनने की ऑनलाइन ट्रेनिंग ले रही थी और संवेदनशील व खुफिया जानकारियां सरहद पार भेज रही थी। एटीएस ने उस पर यूएपीए के तहत कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।

nagaur silent on pak link
बबीता उर्फ खदीजा

इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार नामक महिला को दबोचा। अर्पिता संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल के संपर्क में थी और संगठित नेटवर्क के लिए ‘हनीट्रैप’ के जरिए प्रभावशाली लोगों को फंसाने का काम कर रही थी।

नागौर में क्यों बढ़ी चिंता?

जयपुर और बंगाल के इन मामलों में सबसे साझा और खतरनाक पहलू डिजिटल माध्यमों (सोशल मीडिया, मैसेजिंग एप्स) का इस्तेमाल है। आज हर आयु वर्ग का व्यक्ति सोशल मीडिया पर सक्रिय है। नागौर में भी विदेशी नंबरों या फर्जी पहचान वाले सोशल मीडिया खातों से स्थानीय महिलाओं और युवतियों से संपर्क साधे जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इसके अलावा, ऑनलाइन गेमिंग एप्स भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती बनकर उभरे हैं। ‘याला’ जैसे लूडो और वॉइस-चैट गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक एक साथ जुड़ते हैं। हालांकि, गेम खेलना अपने आप में संदिग्ध नहीं है, लेकिन ऐसे अनरजिस्टर्ड और बिना सख्त मॉडरेशन वाले प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल युवाओं को बरगलाने और नेटवर्क विस्तार के लिए किए जाने की पूरी आशंका बनी रहती है।

nagaur silent on pak link
गिरफ्तार कर अर्पिता सरकार को ले जाती हुई पुलिस

नागौर में साइबर तंत्र सुस्त

नागौर में फिलहाल ऐसा कोई स्वचालित या एक्टिव सर्विलांस सिस्टम नहीं है, जो सोशल मीडिया पर चल रही संदिग्ध गतिविधियों या विदेशी संपर्कों की पहचान कर सके। जब तक कोई पीड़ित खुद शिकायत लेकर पुलिस तक नहीं पहुंचता, तब तक पुलिस या साइबर टीम के लिए ऐसी गतिविधियों को ट्रैक करना नामुमकिन जैसा है।

क्या कहना है अधिकारियों का

साइबर सेल के पास इस तरह की गतिविधियों पर स्वतः निगरानी रखने का कोई व्यापक तंत्र नहीं है। जब कोई पीड़ित शिकायत लेकर हमारे पास आता है, तो उसके आधार पर साइबर एक्सपर्ट्स जांच करते हैं और नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
-धर्मचंद पूनिया, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर सेल, नागौर

nagaur silent on pak link
साइबर थाना नागौर

सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह

विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती सुरक्षा प्राथमिकताओं को देखते हुए जिला स्तर पर भी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को मजबूत करना अनिवार्य है। जब तक फर्जी प्रोफाइल, संदिग्ध विदेशी नंबरों और ऑनलाइन गेमिंग के वॉइस-चैट रूम्स पर पुलिस की पैनी नजर नहीं होगी, तब तक स्लीपर सेल और हनीट्रैप के इस डिजिटल जाल को तोड़ना मुश्किल होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *