स्पेन में नाव हादसा, 80 प्रवासियों की मौत की आशंका

स्पेन में नाव हादसा, 80 प्रवासियों की मौत की आशंका

स्पेन (Spain) के कैनरी आइलैंड्स (Canary Islands) में प्रवासियों से लदी एक नाव दुर्घटना का शिकार हो गई है। कैनरी आइलैंड्स के पास अटलांटिक महासागर में यह नाव मिली है। इस हादसे में करीब 80 लोगों की मौत की आशंका है। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। स्पैनिश समुद्री बचाव सेवा (साल्वामेंटो मैरिटिमो) के अनुसार नाव ग्रैन कैनरिया आइलैंड से लगभग 120 किलोमीटर दक्षिण में पाई गई। यह नाव लगभग 26 दिनों से समुद्र में भटक रही थी।

128 लोग थे सवार

इस नाव में शुरू में 128 लोग सवार थे, जो गैम्बिया से कैनरी आइलैंड्स की ओर निकले थे। जब बचाव दल पहुंचा, तो सिर्फ 45 लोग ही ज़िंदा बचे थे और 5 शव बचे हुए थे। खराब मौसम के कारण बचाव दल को उन शवों को नाव पर ही छोड़ना पड़ा।

ज़िंदा बचे हुए लोगों को अस्पताल में कराया भर्ती

नाव हादसे में जो लोग ज़िंदा बचे हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन लोगों को अर्गुइनेगुइन बंदरगाह पर उतारा गया, जहाँ रेड क्रॉस और स्थानीय अधिकारियों ने उनकी मदद की। बचे हुए लोग ज़्यादातर लोग गैम्बिया और माली से हैं। इन लोगों को कई दिनों से भोजन और साफ पानी नहीं मिलने की वजह से समुदी पानी पीना पड़ा जिसकी वजह से इनकी तबीयत खराब हो गई।

बेहद खतरनाक है कैनरी रूट

कैनरी रूट अफ्रीका से यूरोप पहुंचने के लिए बेहद खतरनाक समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है। यहाँ हर साल सैकड़ों प्रवासी डूबकर या भटककर मर जाते हैं। पश्चिम अफ्रीका से कैनरी आइलैंड्स तक की दूरी बहुत ज़्यादा है। नावें अक्सर ज़रूरत से ज़्यादा भरी होती हैं और हादसे का शिकार हो जाती हैं। 2026 में भी इस जलमार्ग में सैकड़ों मौतें हो चुकी हैं। बड़ी संख्या में अफ्रीकी देशों से लोग गैर-कानूनी तरीके से यूरोप में बसने के लिए नाव पर सवार होकर निकल जाते हैं लेकिन अक्सर ही खराब समुद्री परिस्थितियों, ज़रूरत से ज़्यादा वजन होने और खराब मौसम की वजह से ये नावें हादसे का शिकार हो जाती हैं। हालांकि इन हादसों के बावजूद लोग अफ्रीकी देशों में खराब जीवनस्थिति की वजह से यूरोपीय देशों में बसने के लिए जान खतरे में डालकर यह काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *