स्कूल का वीडियो बनाने पर रजत पर मुकदमा:ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया, सपा ने भी की मुकदमा वापसी की मांग

स्कूल का वीडियो बनाने पर रजत पर मुकदमा:ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया, सपा ने भी की मुकदमा वापसी की मांग

बागपत जिले के माखर गांव में एक प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन, खराब व्यवस्थाओं और गंदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में रजत सोलंकी पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने एक बैठक की और पुलिस-प्रशासन से मुकदमा वापस लेने की मांग की। अब इस मामले में समाजवादी पार्टी की भी एंट्री हो गई है। सपा जिलाध्यक्ष ने भी रजत पर दर्ज मुकदमा खत्म करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि रजत सोलंकी ने 23 अगस्त को विद्यालय के जर्जर भवन और गंदगी का वीडियो सिर्फ इसलिए बनाया था, ताकि प्रशासनिक अधिकारियों तक समस्या पहुंच सके। हालांकि, विद्यालय की प्रधान अध्यापिका ने रजत पर जर्जर भवन की सील तोड़ने और वीडियो बनाकर स्कूल की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने बिनौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने रजत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को गलत बताया है। सचिन सोलंकी ने कहा कि इस विद्यालय में गांव के ही बच्चे पढ़ते हैं। अगर जर्जर भवन की वजह से कोई हादसा हो जाता, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती? ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि जब वीडियो सामने आया और रजत के खिलाफ कार्रवाई हुई, तो उसके बाद जर्जर भवन को क्यों तोड़ा गया? उनका कहना था कि स्कूल की व्यवस्थाओं में कमी को उजागर करना कोई अपराध नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से रजत के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की है। उन्होंने यह भी तय किया है कि जल्द ही ग्रामीणों का एक समूह बागपत के डीएम से मिलकर अपनी शिकायत बताएगा। इस मामले में अब समाजवादी पार्टी की एंट्री हो गई है। सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने इस घटना को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी लापरवाही छिपाने के लिए यह कार्रवाई कर रहे हैं। रजत पर की गई कार्रवाई बिल्कुल गलत है। सपा इस मुद्दे को अधिकारियों के सामने उठाएगी और रजत के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *