सोशल मीडिया पर दबदबा दिखाने निकला, तमंचे-कारतूस, पांच तलवारों के साथ पकड़ा

सोशल मीडिया पर दबदबा दिखाने निकला, तमंचे-कारतूस, पांच तलवारों के साथ पकड़ा

ahmedabad: सोशल मीडिया पर दबदबा कायम करने व अपहरण और फिरौती की कथित मंशा से हथियार लेकर घूम रहे एक आरोपी को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने जुहापुरा के संकलितनगर इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, पांच कारतूस और पांच तलवारों व बाइक भी बरामद की है।

आरोपी के खिलाफ डीसीबी पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी की पहचान राजिक उर्फ राजू कुरैशी (35) के रूप में हुई है। यह आरोपी शहर में जुहापुरा में रहता है जो मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला जिले का रहने वाला है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हथियारों के साथ सार्वजनिक सड़क पर घूम रहा है। इसके बाद रिवरफ्रंट काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से आने वाले रोड के टर्निंग प्वाइंट पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया गया।

वसूली और अपहरण की फिराक में था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया पर वायरल होने तथा लोगों में भय पैदा करने के लिए हथियार अपने पास रखता था। पुलिस को आशंका है कि वह इन हथियारों का इस्तेमाल वसूली और अपहरण जैसी वारदातों में करने की तैयारी में था।

दो लाख कीमत की सोने की घड़ी चुराने का आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद शहर के गोता स्थित एक दुकान से ब्रांडेड व महंगी घड़ी की चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घड़ी की कीमत दो लाख से अधिक बताई गई है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सुगंधनगर गांव निवासी प्रदीप नायक (22) के रूप में हुई है, जो फिलहाल अहमदाबाद में मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे से रात 9 बजे के बीच गोता स्थित दुकान से महंगी घड़ी की चोरी हो गई थी। यह घड़ी सोने की बताई गई है।

दुकान संचालक ने सोला हाईकोर्ट थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले इसी दौरान पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घड़ी भी बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *