शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में रविवार को सोन नदी पार करते समय 25 वर्षीय दीवाना सिंह गोंड डूब गया। वह नदी के दूसरे किनारे पर खड़ी नाव लेने तैरकर जा रहा था। सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे की तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। गांव वालों को नदी पार कराने में करता था मदद दीवाना सिंह गोंड खुसरिया गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम रामचरण है। उसका गांव बाणसागर डूब क्षेत्र में आता है, जहां ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। दीवाना गांव वालों की मदद करता था। सुबह परिवार को नदी पार कराया था रविवार सुबह दीवाना ने परिवार के लोगों को नाव से नदी पार कराया था। कुछ लोग नाव को दूसरे किनारे पर छोड़ आए थे। दोपहर में अन्य लोगों को नदी पार जाना था, इसलिए दीवाना नाव लेने के लिए नदी में उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। एक किलोमीटर चौड़ी नदी में तलाश जारी युवक को डूबता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। नदी करीब एक किलोमीटर चौड़ी और गहरी है, जिससे बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। कई घंटे बीतने के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।

