सोनीपत में बुजुर्ग महिला को हिप्नोटाइज कर गहने ठगे:कागज पर फूंक मार आग लगा झांसे में लिया; पत्ते पर कंकड़ रख उतरवाएं सोने-चांदी के गहने

सोनीपत में बुजुर्ग महिला को हिप्नोटाइज कर गहने ठगे:कागज पर फूंक मार आग लगा झांसे में लिया; पत्ते पर कंकड़ रख उतरवाएं सोने-चांदी के गहने

सोनीपत में हिप्नोटाइज कर बुजुर्गों को ठगी का शिकार बनाने का एक और मामला सामने आया है। तीन दिन के भीतर दूसरी बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर तीन लोगों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और पर्स ठग लिए। हनुमान नगर निवासी महिला बाजार से सामान खरीदने के बाद सब्जी मंडी से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उससे पीलिया का झाड़ा लगाने की जगह पूछी और फिर कागज पर फूंक मारकर आग जलाने का करतब दिखाया। इसके बाद बेटे का घर ठीक करने और कल्याण करने का झांसा देकर महिला को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी महिला को करीब आधा किलोमीटर तक अपने पीछे ले गए और अलग-अलग लोगों के जरिए उसका विश्वास जीतकर गहने उतरवा लिए। कुछ देर बाद जब महिला को सुध आई तो वह यूनिक मॉल के पास एक दुकान के सामने बैठकर फूट-फूटकर रोने लगी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अब जानिए महिला को कैसे झांसे में लिया… बाजार से सब्जी मंडी पहुंची थी महिला:हनुमान नगर निवासी अनीता ने बताया कि वह बाजार में सामान खरीदने के लिए आई थी। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे वह बाजार से निकलकर सब्जी मंडी पहुंची। मंडी में उसने फल-फ्रूट के रेट पूछे, लेकिन सोचा कि उसका बेटा खुद आकर खरीदारी कर लेगा। इसके बाद वह घर जाने के लिए मंडी से निकलने लगी। इसी दौरान मंडी के दूसरे गेट के पास बने बाथरूम के नजदीक एक व्यक्ति उसके पास आया और उससे पीलिया का झाड़ा लगाने की जगह पूछने लगा। पीलिए का झाड़ा लगाने की बात पूछी:अनीता ने व्यक्ति को बताया कि जटवाड़ा में पीलिया का झाड़ा लगाया जाता है और सुबह करीब 6 बजे झाड़ा लगाया जाता है। महिला के मुताबिक, इसके बाद उस व्यक्ति ने उसे माताजी कहकर संबोधित किया और एक कागज निकाला। आरोपी ने कागज महिला के चेहरे के सामने लाकर उस पर फूंक मारी तो अचानक उसमें आग लग गई। इस घटना से महिला प्रभावित हो गई और आरोपी की बातों पर भरोसा करने लगी। बेटे का घर बिगड़ा होने की बात कहकर झांसे में लिया:कागज पर आग लगाने का करतब दिखाने के बाद आरोपी ने अनीता से कहा कि उसके बेटे का घर बिगड़ा हुआ है। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि अगर वह उसकी बात मानेगी तो उसके बेटे का घर ठीक हो जाएगा। इस तरह आरोपी ने महिला की पारिवारिक चिंता का फायदा उठाकर उसका विश्वास जीतना शुरू कर दिया। महिला को लगा कि आरोपी उसकी परेशानी दूर करने में मदद कर सकता है। प्लानिंग के तहत दो अन्य युवक भी पहुंचे:अनीता के अनुसार, इसी दौरान दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उनसे भी कहा कि माताजी के साथ-साथ उनका भी कल्याण हो जाएगा। इसके बाद महिला को अपने पीछे आने के लिए कहा गया। आरोपियों ने उसे मुरथल अड्डे के पास किसी सरकारी स्कूल के नजदीक एक पेड़ से पत्ता तोड़कर लाने को कहा। महिला ने जब पत्ता तोड़ने में असमर्थता जताई तो एक आरोपी ने खुद पत्ता तोड़कर देने की बात कही। करीब आधा किलोमीटर तक पीछे-पीछे ले गए:आरोपी महिला को अपने साथ लेकर आगे बढ़ते रहे। अनीता के मुताबिक, वे उसे जीवन गर्ल्स कॉलेज की तरफ गंदे नाले से पहले स्थित यूनिक मॉल तक ले आए। इस दौरान महिला करीब आधा किलोमीटर तक उनके पीछे-पीछे चलती रही। इसके बाद आरोपियों ने मॉल के सामने साइड में स्थित एक बंद दुकान के सामने महिला को बैठा दिया। वहां पेड़ के पत्ते पर तीन कंकर रखे गए और आरोपियों ने महिला को अपनी बातों में उलझाए रखा। युवक की सोने की चेन उतरवाई, फिर महिला को भरोसा दिलाया: महिला के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। दुकान के सामने बैठने के बाद आरोपियों ने उसके सामने ही पहले से वहां मौजूद लोगों के बारे में बातें करनी शुरू कर दीं। इस दौरान एक आरोपी ने दूसरे युवक से पूछा कि उसने गले में क्या पहना हुआ है। युवक ने सोने की चेन पहनने की बात कही और अपनी चेन उतारकर उस व्यक्ति को दे दी। इसके बाद युवक के हाथ में कंकर देकर उसे फेंकने के लिए कहा गया। आरोपियों ने यह भी कहा कि जो व्यक्ति उसके साथ बुरा कर रहा है, उसकी तस्वीर उसके हाथ में बन जाएगी। महिला के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया के जरिए आरोपियों ने उसे ऐसा विश्वास दिलाया कि उनके पास उसकी परेशानियों का समाधान है। पहले युवक के साथ हुई इस गतिविधि को देखकर महिला भी उनकी बातों में आती चली गई। पत्ते और कंकर का खेल दिखाकर उतरवाए सोने के बाले और अंगूठी अनीता के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने उसे भी पेड़ का पत्ता और कंकर दिए। उससे कहा गया कि वह भी अपना कंकर उधर डालकर आए। इसी दौरान आरोपियों ने महिला के कानों से सोने के बाले उतरवा लिए। इसके साथ ही उसके हाथ से सोने-चांदी की अंगूठी भी निकलवा ली। आरोपी महिला का पर्स भी अपने साथ ले गए। महिला के मुताबिक, इस पूरी वारदात में तीन लोग शामिल थे। तीनों शुरुआत से लेकर आखिर तक अलग-अलग समय पर उसके आसपास आते रहे और इस तरह व्यवहार करते रहे, जिससे महिला को लगता रहा कि वे अलग-अलग लोग हैं। आरोपियों ने एक के बाद एक गतिविधि के जरिए उसका विश्वास जीता और इसी का फायदा उठाकर गहने ठग लिए। सुध आने पर दुकान के सामने बैठकर रोने लगी महिला कुछ समय बाद जब अनीता को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो वह यूनिक मॉल के पास बंद दुकान के सामने बैठकर रोने लगी। महिला को इस हालत में देखकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने उससे परेशानी का कारण पूछा तो उसने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महिला के बेटे भी मौके पर पहुंच गए और उसे समझाने की कोशिश की। हालांकि, महिला फूट-फूटकर रोती रही। वह बार-बार कहती रही कि उसने खुद अपना नुकसान कर लिया। इस दौरान महिला की तबीयत भी बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति संभालने की कोशिश की। डायल 112 के बाद थाना पुलिस पहुंची मामले की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। सिविल लाइन थाना प्रभारी परविंदर सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है, ताकि आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *