सोनीपत में रक्षा बंधन के त्योहार पर बिजली के करंट से 2 लोगों और एक युवक समेत तीन की मौत का मामला सामने आया है। गोहाना के गांव मुड़लाना और धुराना में हुए दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। मुड़लाना-सिवानका रोड स्थित खेत में बिजली का फाल्ट ठीक करने पहुंचे बिजली विभाग के अप्रेंटिस सौरभ और खेत मालिक किसान जोगिंद्र अचानक आई बिजली की सप्लाई की चपेट में आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी ओर धुराना में करीब 18 वर्षीय सुजल धान की फसल में पानी देने के लिए ट्यूबवेल चलाने गया था, जहां करंट लगने के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे पानीपत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुड़लाना की घटना के बाद मृतक किसान के परिजनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फाल्ट की शिकायत पहले ही दो बार की जा चुकी थी। वहीं बिजली विभाग ने मामले में संबंधित लाइनमैन और एक SA को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस तीनों मौतों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मुड़लाना में फाल्ट ठीक करने पहुंचा था अप्रेंटिस सौरभ मुड़लाना-सिवानका रोड के पास खेत में सुबह बिजली का फाल्ट होने की सूचना विभाग को मिली थी। खेत मालिक जोगिंद्र ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद बिजली विभाग में अप्रेंटिसशिप पर काम कर रहा सौरभ फाल्ट ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचा। सौरभ काम कर ही रहा था कि उसने खेत में मौजूद जोगिंद्र से मदद मांगी। किसान भी उसकी सहायता करने लगा। दोनों बिजली लाइन से जुड़े काम में जुटे हुए थे। अचानक सप्लाई शुरू हुई, दोनों की मौके पर मौत फाल्ट ठीक करने के दौरान अचानक बिजली की सप्लाई आ गई। इससे सौरभ और जोगिंद्र करंट की चपेट में आ गए। दोनों बुरी तरह झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
जोगिंद्र मुड़लाना का रहने वाला था, जबकि सौरभ सिवानका गांव का निवासी था। हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी। परिवार बोला- पहले ही दो बार दी थी शिकायत जोगिंद्र के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि खेत में फाल्ट को लेकर विभाग को दो बार शिकायत दी गई थी। इसके बावजूद जिस समय लाइन पर काम चल रहा था, उस दौरान बिजली की सप्लाई शुरू हो गई। परिजनों के अनुसार गांव में सामान्य तौर पर करीब 11 बजे बिजली आती है, जबकि घटना के दिन करीब 10 बजे ही सप्लाई चालू हो गई। उनका आरोप है कि लाइन पर काम करने वालों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। विभाग ने लाइनमैन और SA को किया सस्पेंड बिजली विभाग के SDO विकास ने बताया कि घटना में किसान जोगिंद्र और अप्रेंटिसशिप पर कार्यरत सौरभ की करंट लगने से मौत हुई है। घटना के बाद विभाग ने संबंधित लाइनमैन और एक SA को सस्पेंड कर दिया है।
उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और विभागीय स्तर पर भी घटना से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। विधायक इंदुराज नरवाल बोले- जिम्मेदारों पर हो कार्रवाई घटना की जानकारी मिलने पर बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर दुख जताया और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
विधायक ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी। जगबीर मलिक ने भी उठाई मुआवजे की मांग गोहाना के पूर्व विधायक जगबीर मलिक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हादसे की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और यदि विभागीय स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। धुराना में धान की फसल में पानी देने गया था सुजल गोहाना क्षेत्र के गांव धुराना में दूसरा हादसा हुआ। करीब 18 वर्षीय सुजल सुबह धान की फसल में पानी देने के लिए खेत पहुंचा था। वह ट्यूबवेल चलाने लगा, इसी दौरान बिजली का करंट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजन उसे गंभीर अवस्था में पानीपत के अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। उपचार के दौरान सुजल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू की मुंडलाना चौकी के जांच अधिकारी ASI संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि मुंडलाना के खेतों में बिजली लाइन ठीक करते समय एक किसान और बिजली कर्मी की मौत हुई है। उन्होंने मृतकों की पहचान जोगिंद्र निवासी मुंडलाना और सौरभ निवासी सिवानका के रूप में की। ASI संजय कुमार के मुताबिक दोनों शवों का पोस्टमार्टम गोहाना में कराया गया है। वहीं धुराना में सुजल की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम पानीपत में कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली लाइन पर काम करने से पहले सप्लाई पूरी तरह बंद कराने और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली से जुड़े काम में छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए विभाग को सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए। त्योहार के दिन तीन घरों में छाया गम गोहाना क्षेत्र में एक ही दिन हुए इन दो हादसों ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मुड़लाना में जोगिंद्र और सौरभ की मौत तथा धुराना में सुजल की जान जाने से परिवारों में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस और विभागीय जांच के बाद ही हादसों के लिए जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट होगी।

