Ram Gopal Varma and Mohit Suri announced new Project: सैयारा’ (Saiyaara) की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद निर्देशक मोहित सूरी अब एक नए और धमाकेदार प्रोजेक्ट के साथ वापसी करने जा रहे हैं। अहान पांडे और अनीत पड्डा की इस ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर लव स्टोरी के जरिए इतिहास रचने वाले मोहित सूरी ने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। वह बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma – RGV) के साथ काम करने जा रहे हैं। इस बात का खुलासा खुद सोशल मीडिया पर राम गोपाल वर्मा ने किया हैं उन्होंने कहा मैं और मोहित सूरी एक बेहद खास प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिला रहे हैं।
मोहित सूरी और राम गोपाल वर्मा आए साथ
राम गोपाल वर्मा ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर मोहित सूरी के साथ अपनी एक खूबसूरत सेल्फी शेयर की। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए RGV ने अपने ही खास अंदाज में लिखा, “मैं और सैयारा के मोहित सूरी उनकी अगली फिल्म के लिए एक साथ ‘गैंगस्टर करी’ से भरपूर प्रेम-भरी डिश बना रहे हैं… विवरण बहुत जल्द शेयर किए जाएंगे! “
जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर सिनेमा प्रेमियों का उत्साह बढ़ गया। एक यूजर ने लिखा, “क्या गजब का कोलैबोरेशन है! तीखा और मीठा दोनों फ्लेवर देखने को मिलेगा।” वहीं एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा, “कल्लू मामा को ‘सैयारा तू तो बदला नहीं है’ गाते सुनने का ख्याल ही मुझे दीवाना बना रहा है!” कुछ फैंस कयास लगा रहे हैं कि क्या यह जोड़ी ‘गैंगस्टर 2’ या ‘आशिकी 4’ की तैयारी में है।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मोहित सूरी ने राम गोपाल वर्मा की तारीफ करते हुए कहा था कि जब ‘सत्या’ दोबारा रिलीज हुई थी, तब आरजीवी ने कहा था कि “हम फिल्म नहीं बनाते, कभी-कभी फिल्म हमें बनाती है।”
‘सैयारा’ ने रचा था 570 करोड़ का इतिहास
बता दें, ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 329.73 करोड़ का नेट कलेक्शन और दुनियाभर में 570.33 करोड़ का विशाल बिजनेस किया था। इस सफलता के बाद मोहित ने अहान पांडे, अनीत पड्डा और यशराज फिल्म्स के साथ एक ‘गहन प्रेम कहानी’ के लिए हाथ मिलाया है। जिसका नाम अभी तक तय नहीं हुआ है लेकिन खबर है कि इस फिल्म की शूटिंग इस साल शुरू होने वाली है और यह 2027 में रिलीज हो सकती है। मोहित सूरी की एक फिल्म सतरंगा को लेकर भी खबर है कि वह भी 2027 में रिलीज हो सकती है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि आरजीवी इसी फिल्म से जुड़े हैं या कोई नई स्क्रिप्ट तैयार हो रही है।
मनोज बाजपेयी और आरजीवी ला रहे हैं ‘पुलिस स्टेशन में भूत’
दूसरी तरफ, राम गोपाल वर्मा भी अपने कई प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। वह जल्द ही मनोज बाजपेयी के साथ हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ की शूटिंग शुरू कर रहे हैं, जिसमें जेनेलिया डिसूजा, राम्या कृष्णन और राजपाल यादव के होने की चर्चा है। इसके अलावा वह हर्षवर्धन राणे और फरदीन खान के साथ ‘पुलिस कंपनी’, ‘सिंडिकेट’ और अभिनेता के रूप में फिल्म ‘शोमैन’ में नजर आने वाले हैं।




– What A RISING STAR!
