‘सेविंग प्राइवेट ज्ञान’, SIR विवाद के बीच विजय वर्मा ने CEC ज्ञानेश कुमार को बताया ‘नेशनल हीरो’, पोस्ट देख यूजर्स को आया गुस्सा

‘सेविंग प्राइवेट ज्ञान’, SIR विवाद के बीच विजय वर्मा ने CEC ज्ञानेश कुमार को बताया ‘नेशनल हीरो’, पोस्ट देख यूजर्स को आया गुस्सा

Vijay Varma Viral Post: एक्टर विजय वर्मा अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की तस्वीर को हॉलीवुड फिल्म ‘सेविंग प्राइवेट रायन’ से जोड़ते हुए ‘सेविंग प्राइवेट ज्ञान’ का नाम दिया। साथ ही, उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘नेशनल हीरो’ बताते हुए तंज कसा। उनका ये पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

विजय वर्मा ने ‘सेविंग प्राइवेट ज्ञान’ पोस्ट में क्या लिखा?

विजय वर्मा ने इंस्टाग्राम पर ज्ञानेश कुमार की एक तस्वीर साझा की, जिस पर ‘स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव का चेहरा’ लिखा था। इसके साथ ‘सेविंग प्राइवेट ज्ञान’ टैगलाइन भी थी, जो टॉम हैंक्स की हॉलीवुड वॉर फिल्म ‘सेविंग प्राइवेट रायन’ के शीर्षक पर आधारित थी।

एक्टर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “हमारे नेशनल हीरो को बचाने के लिए ताकतों को एक साथ आते देखकर खुशी हुई। किसी भी कीमत पर उनकी रक्षा करें।” विजय की इस पोस्ट को ज्ञानेश कुमार के समर्थन और उनके बचाव को लेकर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

SIR को लेकर क्यों हो रहा है विरोध?

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), विपक्षी दलों और दूसरे समूहों ने विरोध प्रदर्शन किए हैं। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

आलोचकों का आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान योग्य मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा सकते हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। वहीं, चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राजनीतिक भेदभाव के आरोपों से इनकार किया है।

दिल्ली में 2,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में

वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर विरोध के बीच दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई थी। 10 अक्टूबर को पुलिस ने 2,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं को भी हिरासत में लिया गया था। बाद में एक अदालत ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया।

इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच विजय वर्मा की ‘सेविंग प्राइवेट ज्ञान’ पोस्ट सामने आई है, जिसने मुख्य चुनाव आयुक्त और SIR विवाद को लेकर चल रही चर्चा में एक्टर को भी सुर्खियों में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *