सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 हजार पौधे रोपे गए:पूर्व सांसद लल्लू सिंह और विधायक चंद्रभान पासवान कार्यक्रम में रहे मौजूद

सेवा संकल्प अभियान के तहत 5 हजार पौधे रोपे गए:पूर्व सांसद लल्लू सिंह और विधायक चंद्रभान पासवान कार्यक्रम में रहे मौजूद

अयोध्या सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ वृक्षारोपण महाअभियान के तहत गुरुवार को अमानीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत बाबरमऊ के पूरे भदरी गांव में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद लल्लू सिंह और मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान शामिल हुए। इस अभियान के तहत जिलेभर में करीब पांच हजार पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से एक महीने तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी लगातार चल रहा है। इसके माध्यम से लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हर वर्ष बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराने का प्रयास करते हैं।भारतीय संस्कृति और धर्म में वृक्षों का विशेष महत्व है।हमारी परंपरा में नदियों और गाय को भी मां का दर्जा दिया गया है। इसी भावना के तहत प्रधानमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया है। पूर्व सांसद ने कहा कि जिस तरह मां अपने बच्चे का जन्म से लेकर उसके बड़े होने तक निस्वार्थ भाव से पालन-पोषण करती है,उसी तरह वृक्ष भी मानव जीवन और प्रकृति के लिए उपयोगी हैं।वे हमें स्वच्छ पर्यावरण देने के साथ जीवन को बनाए रखने में अहम योगदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण कर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमानीगंज और मिल्कीपुर क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से लगातार वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अभियान में लोगों का सहयोग सराहनीय है। पर्यावरण संरक्षण के लिए किया गया यह कार्य पूजा और अर्चना के समान है। इस दौरान विधायक चंद्रभान पासवान ने भी लोगों को संबोधित करते हुए पौधरोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *