अजमेर में दिनदहाड़े सूने मकान से चोरी के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जेसी नगर, चौरसियावास निवासी नवाब खान उर्फ शाहरूख (25) पुत्र मोलाचीता और अकबर खान (30) पुत्र मिठु खान के रूप में हुई है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपियों को अरेस्ट कर उनसे पूछताछ की जा रही है। नगदी और सोने-चांदी के गहने ले गए चोर आरोपियों ने मदारपुरा गांव में एक सूने मकान को निशाना बनाया था। मामले में मदारपुरा निवासी प्रेम देवी पत्नी गुमान सिंह ने 23 सितंबर को अलवरगेट थाने में रिपोर्ट दी थी, जिसके अनुसार उसके सूने मकान का ताला तोड़कर चोर बक्से में रखे सोने-चांदी के मादलिया, टॉप्स, झुमरी, बोरला, नथ, कनकती, कांकणी और 12 हजार 500 रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। 28 सितम्बर को डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल नवाब और अकबर नाम के आरोपी सीआरपीएफ की एक पुलिया के नीचे बैठे हैं। सूचना पर थाना पुलिस और डीएसटी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने दोनों आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की। जिसमें आरोपियों ने मदारपुरा में चोरी करना स्वीकार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से सोने के मादलिया व नथ बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपी ने बताया कि वह नशा करने के आदी हैं। चोरी की वारदात से मिलने वाली राशि को वह अपनी नशे की लत पूरी करने और मौज मस्ती में खर्च कर देते हैं। पूर्व में भी मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बड़े शातिर अपराधी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नवाब के खिलाफ पूर्व में चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी, नकबजनी सहित विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। साल 2026 में भी उसके खिलाफ गंज और हरिभाऊ उपाध्याय भी गंज थाने में चोरी और नकबजनी से संबंधित नगर थाने में मामले दर्ज हुए हैं। अकबर के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।

