सुल्तानपुर स्टेशन पर गंदगी, कुत्तों का आतंक:कांवड़िये और यात्री परेशान, स्टेशन मास्टर बोले-नियमित हो रही सफाई

सुल्तानपुर स्टेशन पर गंदगी, कुत्तों का आतंक:कांवड़िये और यात्री परेशान, स्टेशन मास्टर बोले-नियमित हो रही सफाई

सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्था और गंदगी का एक वीडियो सोमवार को सामने आया। कांवड़ यात्रा के दौरान स्टेशन पर कांवड़ियों और यात्रियों को गंदगी और कुत्तों के आतंक का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म एक पर कांवड़िये गत्ता बिछाकर सो रहे थे, जहां कुत्ते गत्ते को नोंचते हुए देखे गए। कई स्थानों पर यात्रियों के बगल में भी कुत्ते सोते हुए पाए गए। स्टेशन पर कूड़ा-करकट खुलेआम पड़ा था। टीटीई रूम के पास स्थित उच्च स्तरीय पुरुष प्रतीक्षालय में भी गंदगी का अंबार देखा गया। प्लेटफॉर्म एक से दो और तीन पर जाने वाली लिफ्ट पर भी गंदगी साफ दिखाई दे रही थी, जबकि इसके रखरखाव पर लाखों रुपये खर्च होते हैं। पूर्व सांसद मेनका गांधी के कार्यकाल में शुरू की गई वाईफाई सेवा भी पूरी तरह ठप पाई गई। सुल्तानपुर हेल्थ यूनिट तक पहुंचने में यात्रियों और कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। न्यू लॉबी का गेट अंदर से बंद कर दिया गया है, जिससे आवाजाही बाधित है। रेलवे कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को बारिश में हेल्थ यूनिट तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। डीआरएम के आदेश पर गेट बंद होने से आपात स्थिति में एम्बुलेंस का प्रवेश भी बाधित हो सकता है। यह स्टेशन आदर्श रेलवे स्टेशन के रूप में चयनित है और यहां जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। इस कारण स्टेशन पर गंदगी बढ़ी है, लेकिन अधिकारियों की सजगता पर सवाल उठ रहे हैं। स्टेशन मास्टर विजय कुमार गुप्ता ने इस संबंध में बताया कि कुत्ते आने पर स्टाफ उन्हें भगा देता है। सफाई के मामले पर उन्होंने कहा कि झाड़ू नियमित रूप से लगवाया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *