सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के गनापुर गांव में 32 वर्षीय अनुज अग्रहरि की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन शुक्रवार सुबह उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे कुड़वार घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। खेत के पास चकरोड पर पड़ा मिला था युवक ग्रामीणों के मुताबिक, अनुज घर से कुछ दूरी पर खेत के पास चकरोड पर संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जांच में शराब या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पहले भी दर्ज था एक मामला पुलिस के अनुसार, मृतक अनुज अग्रहरि के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज था। वह पांच भाइयों और एक बहन में से एक था। उसके पिता का नाम काली प्रसाद (70) है। अनुज के भाइयों में पप्पू अग्रहरि (50), गुड्डू अग्रहरि (45), मनोज अग्रहरि (40) और अंनंजू अग्रहरि (35) शामिल हैं। उसकी बहन का नाम फूलकुमारी (38) है।

