सुल्तानपुर में भारी बारिश, स्कूल बंद करने के आदेश:कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 31 अगस्त को रहेंगे बंद, आज भी बारिश का अलर्ट

सुल्तानपुर में भारी बारिश, स्कूल बंद करने के आदेश:कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 31 अगस्त को रहेंगे बंद, आज भी बारिश का अलर्ट

सुल्तानपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) उपेंद्र गुप्ता ने 31 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय मौसम विभाग के पूर्वानुमान और जिले में जारी भारी बारिश को देखते हुए लिया गया है। जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा अन्य सभी बोर्डों के नर्सरी व कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय इस दिन बंद रहेंगे। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) पर पहले से चल रहे एफएलएन (FLN) प्रशिक्षण कार्यक्रम अपने निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेंगे। इस पर अवकाश का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। जिले में रविवार दिन के बाद रात को भी मौसम बदला रहा। रात 10 बजे से शहर से लेकर देहात तक मूसलाधार बारिश हुई। रात 12 बजे हल्की गरज के साथ बारिश दर्ज की गई। इस बारिश के कारण दुबेपुर, लंभुआ भांई और शहर समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे पहले, शाम को भी जिले में बारिश हुई थी, जिसके दौरान कादीपुर के जलालपुर में एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन युवक झुलस गए थे। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 3.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोमवार को भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *