सुल्तानपुर में शारदीय नवरात्रि के समापन और विजयादशमी के अवसर पर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। मंगलवार शाम से ही चौराहों, बाजारों और मोहल्लों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। माता के दरबारों और भव्य पंडालों में देर रात तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। शहर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। परिवार के साथ लोग मेला घूमने निकले और पर्व का आनंद लिया। इस दौरान मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्राओं में युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर झूमते हुए शामिल हुईं। वहीं, संकट मोचन धाम में भव्य श्रृंगार आरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सामूहिक आरती कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। पूरे शहर में धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

