सुल्तानपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट:केंद्रीय दुर्गा पूजा सुरक्षा संगठन कैम्प का डीएम-एसपी ने किया शुभारंभ

सुल्तानपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट:केंद्रीय दुर्गा पूजा सुरक्षा संगठन कैम्प का डीएम-एसपी ने किया शुभारंभ

सुल्तानपुर में दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। सोमवार रात 9 बजे मीडिया से बातचीत में डीएम इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सुल्तानपुर की अनूठी परंपरा है कि यहां सिविल सोसाइटी, विभिन्न संगठन और प्रशासन मिलकर त्योहार मनाते हैं। डीएम ने बताया कि प्रशासन और पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से अपराध निरोधक समिति, जिला सुरक्षा संगठन, केंद्रीय पूजा समिति और नगरपालिका सहित कई शिविरों का उद्घाटन किया गया है। इन संगठनों के साथ मिलकर काम करने से प्रशासन को आयोजन बेहतर ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलती है।
जिले में 1790 से ज्यादा पूजा पंडाल
डीएम ने कहा कि कोलकाता के बाद सुल्तानपुर में दूसरे सबसे बड़े स्तर पर दुर्गा पूजा मनाई जाती है। पूरे जिले में 1790 से अधिक पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
तेज आवाज वाले डीजे पर सख्ती
डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक तेज आवाज और अत्यधिक बेस या मिड-प्रेशर वाले उपकरणों के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध है। उन्होंने बताया कि गणेश पूजा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों और जनहित याचिका के तहत जारी गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन कराया जा रहा है। प्रशासन नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतेगा।
डीएम ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
डीएम इंद्रजीत सिंह ने लोगों से अपील की कि वे त्योहार के माहौल का पूरे उत्साह के साथ आनंद लें और शांति व सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. भारत भूषण, ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, जिला सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव, महासचिव हाजी मोहम्मद इलियास खान, वरिष्ठ साहित्यकार कमलनयन पांडेय, सरदार बलदेव सिंह, जुनैद अहमद, मीडिया प्रभारी अफ्तार अहमद, अरबाब अहमद खान, अपराध निरोधक समिति के सचिव अमर बहादुर सिंह, अलीमुद्दीन, बाल गोविंद मौर्य और शफीक अहमद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *