फरीदाबाद के तिलपत गांव में बाउंसर वली की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि झगड़े की शुरुआत 2 हफ्ते पहले इंस्टाग्राम पोस्ट पर इमोजी कमेंट और सुक्खी शूटर लिखने पर हुई। हमलावर पक्ष के साकिर नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर एक गाने के साथ अपनी फोटो पोस्ट की थी। इस पर वली पक्ष के साहिर उर्फ गुड्डू (17) ने लाफिंग इमोजी कमेंट किया था। इसके बाद साकिर और साहिर के बीच फोन पर बहस हुई। बताया जा रहा है कि साकिर ने साहिर को चुनौती दी थी कि जब भी वह घर आएगा, तो उससे पूरा हिसाब करेगा। साहिर मूल रूप से तिलपत गांव का है, लेकिन नूंह के गांव बीसरू में अपनी बुआ के घर रहकर 12वीं की पढ़ाई करता है। 8 अक्टूबर को वह बुआ के लड़के बाउंसर वली के साथ अपने गांव आया था। दोनों साहिर के ताऊ के नए घर के प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान हुए झगड़े में वली बीच-बाचव करने गया था, मगर उसकी ही हत्या कर दी गई। सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हमला चार साल बाद मामा के घर आया वली: इस झगड़े में मारे गए वली मोहम्मद 8 अक्टूबर को अपनी मां जुनैदा, छोटे भाई आदिल, पत्नी, तीन बेटियों और इकलौते बेटे के साथ गांव तिलपत आया था। वह 4 साल बाद अपने मामा के घर पहुंचा था। साहिर उर्फ गुड्डू भी उसके परिवार के साथ आया था। सभी 9 अक्टूबर को वापस नूंह के गांव बीसरू लौटने वाले थे। साहिर को देख बोले- टारगेट याद है: साहिर के मुताबिक, वह 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे अपने घर पहुंचा था। करीब 3 बजे वह गली से गुजर रहा था। उसका घर आरोपियों के घर से करीब 150 मीटर दूर है। आरोप है कि उसे देखकर आरोपी साकिर ने अपने साथियों से कहा, ‘टारगेट याद है।’ बाइक की टक्कर के बाद विवाद: आरोप है कि शाम के समय साहिर घर के बाहर गली में खड़ा था। तभी साकिर तेज रफ्तार से बाइक लेकर आया और उसे टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। गुड्डू के पिता तैय्यब और बुआ के बेटे वली मोहम्मद ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत करा दिया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। साहिर को मारने की थी प्लानिंग: परिजन साबिर के मुताबिक, आरोपियों ने साहिर को मारने की योजना बनाई थी। बाइक टक्कर की घटना के बाद साकिर ने अपने साथियों और परिवार के लोगों को इकट्ठा किया। इसके बाद साहिर के ताऊ के घर के बाहर मौजूद तैय्यब और वली मोहम्मद पर तलवार, कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर दिया। वली पर सड़क पर गिराकर हमला: हमले में तैय्यब गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि साकिर पक्ष के साहिल ने वली को जमीन पर गिराकर लोहे की रॉड से लगातार वार किए। परिजनों के मुताबिक, साहिल तब तक वार करता रहा, जब तक वली बेहोश नहीं हो गया। इस हमले में वली मोहम्मद की मौत हो गई। बचाव करने आए लोगों पर बरसाईं ईंटें वली के चचेरे भाई साबिर का कहना है कि ईंटें बरसाए जाने के कारण कोई भी तैय्यब और वली मोहम्मद को बचाने के लिए आगे नहीं आ पाया। पड़ोस में बने घर की छत से लगातार ईंटें फेंकी जा रही थीं। जब आरोपियों को लगा कि दोनों की मौत हो गई है, तो वे मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने वली मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। घायल तैय्यब का अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी बोले- 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के मुताबिक, मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 4 आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि 4 को रिमांड पर लिया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में पुलिस ने कुल 24 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। ————- यह खबर भी पढ़ें… मामा के गांव में बाउंसर की पीट-पीटकर हत्या:फरीदाबाद में छतों से सिर पर ईंट बरसाई, कुल्हाड़ी से काटा; झगड़ा सुलझाने गया था हरियाणा के फरीदाबाद में एक बाउंसर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। युवक करीब चार साल बाद अपने मामा के घर गृहप्रवेश के कार्यक्रम में आया था। (पूरी खबर पढ़ें)

