सीहोर जिले में मानसूनी गतिविधियों के चलते रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। कभी रिमझिम तो कभी हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। भू-अभिलेख विभाग द्वारा 16 अगस्त को जारी दैनिक वर्षा आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 26.75 इंच औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। सीहोर केंद्र में सबसे ज्यादा बारिश 1 जून से 16 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, सीहोर वर्षामापी केंद्र में सबसे ज्यादा 32.68 इंच बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद रहटी में 29.58 इंच, भैरूंदा में 27.12 इंच और बुधनी में 26.37 इंच बारिश हुई है। आष्टा में 26.18 इंच, इछावर में 25.82 इंच, श्यामपुर में 24.75 इंच और जावर में सबसे कम 21.45 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले साल से 0.74 इंच कम बारिश पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में औसतन 27.49 इंच बारिश दर्ज की गई थी। इस साल अब तक औसत बारिश 26.75 इंच है, यानी पिछले साल की तुलना में करीब 0.74 इंच कम बारिश हुई है।जिले की सामान्य औसत वर्षा 45.21 इंच है। इस लिहाज से अभी सीहोर में सीजन की सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मानसूनी सिस्टम और सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश के मध्य हिस्सों में लगातार नमी पहुंच रही है। इसी वजह से सीहोर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर बना हुआ है। अगले 48 घंटे बारिश के आसार मौसम विभाग ने सीहोर और आसपास के क्षेत्रों में आगामी 48 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते अगले दो दिनों में भी जिले के कई हिस्सों में रिमझिम से लेकर हल्की और मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी होने की संभावना है।


